home page

खोले के हनुमानजी मंदिर में 29 नवंबर को होगा अन्नकूट महोत्सव

 | 
खोले के हनुमानजी मंदिर में 29 नवंबर को होगा अन्नकूट महोत्सव


जयपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली रोड स्थित प्रसिद्ध श्री खोले के हनुमानजी मंदिर में 29 नवंबर, रविवार को 66वां भव्य अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया जाएगा। राजस्थान के सबसे बड़े अन्नकूट महोत्सवों में शामिल इस आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां की जा रही हैं। महोत्सव में भगवान हनुमानजी सहित विभिन्न देवी-देवताओं के आकर्षक श्रृंगार और भव्य धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेंगी।

समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने बताया कि महोत्सव में श्री खोले के हनुमानजी की फल-सब्जियों की झांकी, गणेशजी की लड्डुओं की झांकी और आनंदेश्वर महादेव का विभिन्न व्यंजनों से अन्नकूट सजाया जाएगा। सियारामजी महाराज, प्रेमभाया जी और राधाकृष्ण जी के छप्पन भोग की झांकियां भी सजेंगी। इसके साथ ही बर्फ से निर्मित केदारनाथ धाम, माता अन्नपूर्णा देवी का छप्पन भोग एवं फूल-बंगला, गायत्री माता की पुष्प झांकी और माता वैष्णोदेवी का विशेष श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। समाधि स्थल पर भी छप्पन भोग और फूलों की मनमोहक झांकी सजाई जाएगी।

मंदिर परिसर के अन्य देवालयों में भी विभिन्न धार्मिक झांकियां सजाई जाएंगी। पूरे परिसर को फूलों और विद्युत रोशनी से सजाया जाएगा। आयोजन के दौरान सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक श्रीराम मंदिर में भक्ति संगीत के कार्यक्रम होंगे। साथ ही शहनाई और बैंड वादन की मधुर स्वर लहरियां वातावरण को भक्तिमय बनाएंगी। आयोजकों को इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश