एसडीआरएफ में खेलेगा भारत—जीतेगा भारत थीम पर राष्ट्रीय खेल दिवस का भव्य आयोजन
जयपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम के तहत एसडीआरएफ राजस्थान द्वारा 28 से 30 अगस्त तक विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय आयोजन एसडीआरएफ बटालियन मुख्यालय गाडोता जयपुर में उत्साह और उमंग के साथ हुआ।
एसडीआरएफ कमांडेंट रेवन्त दान ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य एसडीआरएफ कार्मिकों में शारीरिक दक्षता, मानसिक सुदृढ़ता, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा। आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में एसडीआरएफ कार्मिकों की भूमिका चुनौतीपूर्ण होती है, ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना बेहद आवश्यक है।
एसडीआरएफ कमांडेंट ने बताया कि 28 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में हॉकी के महान खिलाड़ी एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को डिजिटल श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके साथ ‘ऊर्जा से भरपूर 29 चैलेंज’, ‘पास द बॉल’ और ‘स्पोर्ट्स बंधन’ जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। एसडीआरएफ कार्मिकों ने इनमें उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल भावना और टीम वर्क का परिचय दिया।
29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर ‘एक घंटा खेल, खेल के मैदान में’ अभियान के तहत विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। एसडीआरएफ कार्मिकों ने खेल मैदान में सक्रिय भागीदारी करते हुए फिटनेस, अनुशासन और आपसी समन्वय का संदेश दिया।
तीन दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन 30 अगस्त को ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम के तहत दौड़ एवं साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। एसडीआरएफ कार्मिकों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से फिट एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
एसडीआरएफ राजस्थान द्वारा आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम में कार्मिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस आयोजन ने ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के संदेश को सार्थक करते हुए खेलों को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और फिटनेस को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

