home page

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत खैरथल रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास

 | 
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत खैरथल रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास


जयपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत खैरथल रेलवे स्टेशन का लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है। आधुनिक यात्री सुविधाओं और स्थानीय स्थापत्य शैली से सुसज्जित यह स्टेशन अब यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति देगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि खैरथल रेलवे स्टेशन का भवन पूरी तरह नवीनीकृत किया गया है। स्टेशन भवन में पोर्च का निर्माण किया गया है तथा स्थानीय कला और आधुनिक डिजाइन का समन्वय किया गया है। सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार 1200 वर्गमीटर से बढ़ाकर 3600 वर्गमीटर किया गया है। साथ ही अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार तथा दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि 4.19 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनाया गया है, जिसमें रैंप और कवरिंग शेड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा प्लेटफॉर्म शेल्टर में 150 वर्गमीटर का विस्तार तथा 4197 वर्गमीटर प्लेटफॉर्म सतह का नवीनीकरण किया गया है। स्टेशन भवन के भीतर लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्र में कलात्मक चित्र भी बनाए गए हैं।

स्टेशन पर नए प्रतीक्षालय विकसित किए गए हैं तथा आधुनिक फिटिंग के साथ शौचालय ब्लॉकों का नवीनीकरण किया गया है। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए हेल्प बूथ, रैंप, विशेष शौचालय, पेयजल सुविधा, टिकट खिड़की, साइनेज और बैठने की व्यवस्था भी की गई है।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि पुनर्विकसित खैरथल रेलवे स्टेशन से किशनगढ़बास, तिजारा, खैरथल तथा आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही यह स्टेशन क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ व्यापार, आर्थिक गतिविधियों तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास को भी प्रोत्साहित करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव