home page

केसरियाजी और इडाणा माताजी मंदिर को प्रसाद योजना में शामिल करने की मांग

 | 
केसरियाजी और इडाणा माताजी मंदिर को प्रसाद योजना में शामिल करने की मांग


डूंगरपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उदयपुर जिले के ऐतिहासिक तीर्थ स्थल ऋषभदेव (केसरियाजी) और प्रसिद्ध शक्तिपीठ इडाणा माताजी मंदिर को केंद्र सरकार की प्रसाद योजना में शामिल कर टेंपल टाउन के रूप में विकसित करने का आग्रह किया।

सांसद डॉ. रावत ने केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपकर बताया कि प्रथम जैन तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव को समर्पित केसरियाजी मंदिर सर्वधर्म समभाव, प्राचीन आस्था और सांस्कृतिक धरोहर का केंद्र है। यहां जैन और हिंदू समाज समान रूप से श्रद्धा प्रकट करता है। परिसर में स्थित करीब 800 वर्ष पुराना ऐतिहासिक रथ प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले रथोत्सव का मुख्य केंद्र है। उन्होंने देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को देखते हुए क्षेत्र में यात्री सुविधाओं, सौंदर्यीकरण, बुनियादी ढांचे और संरचनात्मक संरक्षण की आवश्यकता बताई।

ज्ञापन में केसरियाजी के समग्र विकास के लिए पर्यटक सुविधा एवं सूचना केंद्र, आधुनिक प्रतीक्षा कक्ष, लैंडस्केपिंग, ध्यान केंद्र, साउंड एंड लाइट शो, अपशिष्ट एवं कतार प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था विकसित करने का सुझाव दिया गया। साथ ही स्थानीय हस्तशिल्प जैसे संगमरमर कलाकृतियां, बंधेज, ब्लॉक प्रिंटिंग और लघु चित्रकला के लाइव डिमॉन्स्ट्रेशन एवं बिक्री केंद्र स्थापित करने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा इडाणा माताजी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पेयजल, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, विश्राम गृह, दिव्यांगजन अनुकूल संरचनाओं और अन्य बुनियादी पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की मांग रखी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष