home page

केदारनाथ पैदल यात्रा कर लौटे युवा भक्तों का प्रताप गौरव केन्द्र में अभिनंदन

 | 
केदारनाथ पैदल यात्रा कर लौटे युवा भक्तों का प्रताप गौरव केन्द्र में अभिनंदन


उदयपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। भगवान श्री केदारनाथ पैदल यात्रा का संकल्प पूर्ण कर लौटे तीन युवा श्रद्धालुओं का विद्या भारती जनजाति समिति राजस्थान की ओर से प्रताप गौरव केंद्र 'राष्ट्रीय तीर्थ' में भव्य अभिनंदन किया गया।

विद्या भारती जनजाति समिति राजस्थान के सचिव नारायण लाल गमेती ने बताया कि बाबूलाल भील (पालवास, मावली), राजू भील (चीरवा-मोहनपुरा) एवं राजूलाल (लकड़वास) ने करीब डेढ़ वर्ष पूर्व केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा का संकल्प लिया था। इस संकल्प को पूरा करने के लिए एक वर्ष तक धन संग्रह किया। इसके पश्चात 28 मई को घाटा वाले मातेश्वरी का आशीर्वाद लेकर पदयात्रा प्रारंभ की। 36 दिनों की कठिन एवं चुनौतीपूर्ण यात्रा पूरी कर वे केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां दर्शन किए तथा घाटा वाले माताजी का ध्वज केदारनाथ धाम में फहराया।

यात्रा पूर्ण कर लौटे बाबूलाल भील, राजू भील एवं राजूलाल का प्रताप गौरव केंद्र में तिलक, पगड़ी एवं उपरणा ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। प्रताप गौरव केंद्र की ओर से तीनों श्रद्धालुओं को महाराणा प्रताप का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक निम्बाराम, प्रांत प्रचारक मुरलीधर, विभाग संघचालक हेमेंद्र श्रीमाली, विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश मंत्री सुंदर कटारिया, धर्म जागरण संयोजक महिपाल सिंह, भाजपा नेता चंद्रगुप्त सिंह चौहान, नरेंद्र मीणा (सलूंबर), साहित्य परिषद से सुरेंद्र सिंह आसोलिया, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा, महामंत्री दीपक कुमार शुक्ल, कोषाध्यक्ष सीए महावीर चपलोत, प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना, पंकज पालीवाल, डॉ. भारत भूषण, डॉ. राहुल जैन, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने तीनों यात्रियों का अभिनंदन किया।

सभी ने उनकी आस्था, साहस और दृढ़ संकल्प की सराहना की। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि ऐसी कठिन धार्मिक यात्राएं समाज में सेवा, समर्पण, संस्कार और सनातन संस्कृति के प्रति श्रद्धा का संदेश देती हैं तथा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता