राजस्थानी कला-संस्कृति के सदी के महानायक थे केसी मालू : विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी
जयपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थानी कला, लोकसंगीत और संस्कृति को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाने वाले राजस्थान रत्न स्वर्गीय केसी मालू की स्मृति को समर्पित ‘स्वर सरिता भावांजलि विशेषांक’ का लोकार्पण समारोह जयपुर में गरिमापूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, राजस्थान धरोहर प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, सिविल लाइन्स विधायक गोपाल शर्मा, संगीत नाटक अकादमी के पूर्व अध्यक्ष रमेश बोराणा, वरिष्ठ कला-संस्कृति व्यक्तित्व अशोक पंड्या तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों के साथ ‘स्वर सरिता भावांजलि विशेषांक’ का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर राजनीति, प्रशासन, कला, संस्कृति, संगीत, साहित्य और उद्योग जगत की अनेक प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने स्वर्गीय केसी मालू को राजस्थानी कला एवं संस्कृति के क्षेत्र का ‘सदी का महानायक’ बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन कला, संस्कृति और लोकसंगीत को समर्पित कर दिया। उन्होंने अनेक कलाकारों को मंच, अवसर और पहचान दिलाई। देवनानी ने कहा कि केसी मालू भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन जिन कलाकारों को उन्होंने तैयार किया और राजस्थानी कला-संस्कृति के लिए जो कार्य किया, उसके माध्यम से उनका व्यक्तित्व और योगदान सदैव जीवित रहेगा।
राजस्थान धरोहर प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, सिविल लाइन्स विधायक गोपाल शर्मा, वीणा ग्रुप के प्रबंध निदेशक हेमजीत मालू, केसी मालू के छोटे भाई वरिष्ठ अधिवक्ता निर्मल कुमार मालू और पुत्र प्रशन्नजीत मालू ने भी विचार रखे।
6 हजार से अधिक स्मृति संदेशों से सजा विशेषांक
करीब 200 पृष्ठों के ‘स्वर सरिता भावांजलि विशेषांक’ में देश-विदेश से ई-मेल और डाक के माध्यम से प्राप्त 6 हजार से अधिक स्मृति संदेशों में से चयनित करीब 400–500 श्रद्धांजलि एवं संस्मरण संदेशों को शामिल किया गया है। विशेषांक को तैयार करने में लगभग दो माह का समय लगा। इसमें केसी मालू के व्यक्तित्व, कृतित्व, संगीत-साधना तथा राजस्थान की कला, संस्कृति और लोकसंगीत के लिए उनके योगदान को संस्मरणों और श्रद्धांजलि संदेशों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
समारोह के दौरान ‘स्वर सरिता भावांजलि विशेषांक’ की टीम को राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी द्वारा सम्मानित भी किया गया।
समारोह में पूर्व राजस्थान मंत्री शांति धारीवाल और बी.डी. कल्ला, पूर्व जयपुर महापौर ज्योति खंडेलवाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव पवन कुमार गोयल, एम.एस. बिस्सा, राजेंद्र भणावत, पूर्व कुलपति के.एल. जैन, फोर्टी के चेयरमैन अरुण अग्रवाल, के.सी. मोहं वेती, उद्योगपति अनूप भारतीया, राजेंद्र सिंह पंजाब, अजय चोपड़ा, पद्मश्री अहमद हुसैन, मोहम्मद हुसैन, पद्मश्री तिलक गीताई, पद्मश्री साकर अली, उद्यमी सौरभ कक्कड़ सहित देश-विदेश से आए कला, संस्कृति, संगीत और सामाजिक क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

