home page

कामिका एकादशी पर इत्र की सुगंध से महका खाटू श्याम मंदिर परिसर

 | 
कामिका एकादशी पर इत्र की सुगंध से महका खाटू श्याम मंदिर परिसर


बीकानेर, 09 अगस्त (हि.स.)। सावन मास की पावन कामिका एकादशी के अवसर पर रविवार को जयपुर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में भव्य एवं विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। इस अवसर पर बाबा श्याम का दिल्ली से विशेष रूप से मंगवाए गए ताजे, सुगंधित एवं आकर्षक फूलों से दिव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया।

मुख्य पुजारी चेतन शर्मा एवं कृष्ण जोशी ने बाबा श्याम का मनोहारी श्रृंगार किया। रंग-बिरंगे फूलों से सजे बाबा श्याम का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। सावन मास की धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ का भी विशेष आकर्षक श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर उमाशंकर सोनी एवं मनीष सोनी द्वारा करीब 4 फीट ऊंचे बर्फ से निर्मित विशाल शिवलिंग का निर्माण किया गया, जो आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा। बर्फ से बने मनोहारी शिवलिंग के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ के समक्ष जल, पुष्प एवं पूजा सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।

मंदिर परिसर को भी फूलों एवं आकर्षक सजावट से मनोहारी ढंग से सजाया गया। बाबा श्याम के दरबार में पहुंचते ही श्रद्धालुओं को दिव्य एवं भक्तिमय वातावरण का अनुभव हुआ। मंदिर परिसर में इत्र की मनमोहक सुगंध वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बना रही थी। श्रद्धालु अपने साथ पुष्प एवं इत्र की शीशियां लेकर बाबा के दरबार में पहुंचे और श्रद्धा एवं भक्ति के साथ पूजा-अर्चना की।

कामिका एकादशी के अवसर पर मंदिर में दिनभर भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। श्रद्धालु बाबा श्याम की भक्ति में लीन होकर भजनों पर झूमते नजर आए। “हारे के सहारे बाबा श्याम”, “तीन बाण के धारी, तू न संभाले तो हमें कौन संभाले” सहित विभिन्न श्याम भजनों से मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से बाबा श्याम के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कामिका एकादशी के विशेष अवसर पर बीकानेर सहित आसपास के शहरों एवं दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंचे। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। भक्तों ने कतारबद्ध होकर बाबा श्याम के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए और सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली, स्वास्थ्य एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव