नशे के खिलाफ कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने निकाली जागरूकता रैली
जयपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से रविवार को जयपुर पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने बैनर और पोस्टरों के माध्यम से आमजन और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक सम्मेलन-2024 की अनुशंसा संख्या 12 की अनुपालना में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में यह पहल की जा रही है। इसके तहत गृह मंत्रालय से लेकर पुलिस थाना स्तर तक जनहित को बढ़ावा देने के साथ पुलिस की छवि, व्यावसायिकता और कार्यक्षमता में सुधार के लिए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने का संकल्प लिया गया है। इसी क्रम में राज्य स्तर पर अगस्त माह में 'पब्लिक अवेयरनेस ड्राइव्स' अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पोस्टर, सोशल मीडिया और ऑडियो-विजुअल माध्यमों से नागरिकों को विभिन्न जनहित के मुद्दों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर प्रदीप मोहन शर्मा के निर्देशन में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सुपरविजन अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा के नेतृत्व में रविवार को रैली निकाली गई। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। पुलिस टीम ने युवाओं को नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति सचेत किया। साथ ही स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

