home page

वरिष्ठ पत्रकार विद्या विनोद काला की पुण्यतिथि पर जागरूकता व्याख्यान और कैंसर जांच शिविर आयोजित

 | 
वरिष्ठ पत्रकार विद्या विनोद काला की पुण्यतिथि पर जागरूकता व्याख्यान और कैंसर जांच शिविर आयोजित


जयपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के प्रेरणास्रोत, स्वप्नदृष्टा, संस्थापक प्रबंधन्यासी तथा वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी स्वर्गीय विद्या विनोद काला की 28वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को अस्पताल परिसर में श्रद्धांजलि सभा, कैंसर जागरूकता व्याख्यान और निःशुल्क कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के चेयरमैन एन.आर. कोठारी, विवेक काला, आलोक काला, अजय काला, संजय काला, ट्रस्टीगण, वरिष्ठ चिकित्सकों तथा अस्पताल के कर्मचारियों ने स्वर्गीय काला के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय विद्या विनोद काला ने अपनी व्यक्तिगत पीड़ा को समाजसेवा के संकल्प में बदलते हुए राजस्थान में कैंसर रोगियों के लिए बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। उनके प्रयासों से स्थापित भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर आज हजारों मरीजों के लिए आशा और उपचार का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

राजस्थान विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित कैंसर एवं स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान में कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. अपूर्वा टांक ने कैंसर की प्रारंभिक पहचान, नियमित जांच, आधुनिक उपचार पद्धतियों तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में राजस्थान विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग की अध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा रोटरी क्लब जयपुर मरुगंधा की अध्यक्ष डॉ. नीलिमा गुप्ता सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। डॉ. नीलिमा गुप्ता ने कहा कि कैंसर के प्रति उदासीनता सबसे अधिक घातक है और समय पर जांच ही बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में रोटरी डिस्ट्रिक्ट-3056 के ट्रेनर अजय काला ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा अनुसंधान, उन्नत जांच तकनीकों और नई उपचार पद्धतियों के कारण कैंसर अब पहले की तरह असाध्य बीमारी नहीं रहा है। समय पर जांच और उचित उपचार से रोगियों की जीवन गुणवत्ता और आयु दोनों में उल्लेखनीय सुधार संभव है। उन्होंने कहा कि कैंसर को लेकर भय नहीं, बल्कि जागरूकता आवश्यक है।

पुण्यतिथि के अवसर पर राजस्थान विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा उनके परिजनों के लिए कैंसर जांच आपके द्वारअभियान के तहत निःशुल्क जांच एवं परामर्श शिविर भी लगाया गया। शिविर में चिकित्सकीय परामर्श, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण तथा आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। लगभग 80 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने इसका लाभ उठाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश