बाल सुधार गृह में मोबाइल-गांजा मिलने से मचा हड़कंप: गैंगस्टरों के नेटवर्क की आशंका पर जांच
जयपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। ट्रांसपोर्ट नगर थाना इलाके के सेठी कॉलोनी स्थित बाल सुधार गृह में मोबाइल फोन और नशे की सामग्री मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही बाल अपचारियों के बाहरी संपर्कों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। 16 नवंबर को जयपुर कमिश्नरेट की सीएसटी टीम ने बाल सुधार गृह में छापेमारी कर तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, चार्जर और गांजा बरामद हुआ था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाल अपचारी किन लोगों के संपर्क में थे और कहीं कोई बाहरी आपराधिक नेटवर्क उनका इस्तेमाल तो नहीं कर रहा था।
स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश पासवान के अनुसार बाल सुधार गृह में रह रहे बाल अपचारियों के संपर्कों की जांच के लिए करीब 50 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम बनाई गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि बच्चे किन-किन लोगों से बातचीत कर रहे थे और उनके संपर्क में कौन लोग हैं। उन्होंने कहा कि अपराधी नाबालिगों का दुरुपयोग करते हैं। इसी को देखते हुए बाल संप्रेक्षण केंद्र में कार्रवाई की गई है। पुलिस बाल सुधार गृहों पर नजर रख रही है, ताकि कोई असामाजिक तत्व बच्चों का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों के लिए नहीं कर सके।
जांच एजेंसियों के सामने आशंका है कि गैंगस्टर सोशल मीडिया, मोबाइल फोन और अपने गुर्गों के माध्यम से कम उम्र के युवाओं से संपर्क बनाते हैं। लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा जैसे गैंगस्टरों के नेटवर्क में नाबालिगों को जोड़ने और उनका इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में करने की आशंका को भी पुलिस गंभीरता से देख रही है। हालांकि, बाल सुधार गृह में मिले मोबाइल फोन और नशे की सामग्री का किसी विशेष गैंगस्टर नेटवर्क से संबंध अभी प्रमाणित नहीं हुआ है। पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है।
बाल सुधार गृह से बरामद मोबाइल फोन की जांच को मामले में अहम माना जा रहा है। पुलिस इन मोबाइल फोन के कॉल डिटेल रिकॉर्ड, संपर्कों और अन्य डिजिटल गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। इससे पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बाल अपचारी किन लोगों से बातचीत करते थे और प्रतिबंधित मोबाइल फोन उनके पास कैसे पहुंचे। जांच में बाहरी लोगों के साथ-साथ बाल सुधार गृह के भीतर किसी की भूमिका या लापरवाही होने की आशंका को भी खंगाला जा रहा है।
जयपुर के बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पहले भी सवालों के घेरे में रही है। यहां से अब तक 100 से अधिक बाल अपचारियों के फरार होने का दावा किया जा रहा है। फरवरी 2024 में एक साथ 22 बाल अपचारी बाल सुधार गृह से फरार हो गए थे। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर किया था। आरोप हैं कि फरार होने के बाद कुछ बाल अपचारी दूसरे राज्यों में पहुंचकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गए।
अब पुलिस की जांच का मुख्य बिंदु यही है कि प्रतिबंधित सामग्री बाल सुधार गृह तक कैसे पहुंची, इसमें बाहरी लोगों की भूमिका है या अंदरूनी स्तर पर भी लापरवाही हुई है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं बाल अपचारियों को अपराध की दुनिया में इस्तेमाल करने की कोशिश तो नहीं हो रही थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

