home page

जुझारजी महाराज मंदिर में तोड़फोड़ के विरोध में रैली, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

 | 
जुझारजी महाराज मंदिर में तोड़फोड़ के विरोध में रैली, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग


जुझारजी महाराज मंदिर में तोड़फोड़ के विरोध में रैली, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग


भीलवाड़ा, 28 सितंबर (हि.स.)। प्रतापनगर स्कूल परिसर स्थित प्राचीन जुझारजी महाराज मंदिर में कथित तौर पर बार-बार तोड़फोड़ और मूर्ति खंडित किए जाने के विरोध में सोमवार को तेली समाज सहित विभिन्न हिंदू समाज ने आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों ने मुखर्जी उद्यान से रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलेक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दोनों घटनाओं की जांच कर आरोपियों की पहचान और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मंदिर में पहली घटना 17 मई 2026 को हुई थी। उनके अनुसार, असामाजिक तत्वों ने मंदिर में तोड़फोड़ कर जुझारजी महाराज की मूर्ति को खंडित कर दिया था। इस संबंध में 18 मई को प्रतापनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि लंबे समय बाद भी आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी नहीं हो सकी। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पहली घटना में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण 26 सितंबर को मंदिर में दोबारा तोड़फोड़ की गई और मूर्ति को खंडित किया गया। दूसरी घटना के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं और तेली समाज में आक्रोश फैल गया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जुझारजी महाराज मंदिर लंबे समय से स्थानीय लोगों की धार्मिक आस्था का केंद्र रहा है। उन्होंने मंदिर परिसर की सुरक्षा बढ़ाने, दोनों घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो तेली समाज एवं हिंदू संगठनों की ओर से धरना-प्रदर्शन और अन्य लोकतांत्रिक माध्यमों से आंदोलन किया जाएगा।

रैली और ज्ञापन कार्यक्रम में राजस्थान प्रांतीय तैलिक साहू महासभा, तेली समाज, विश्व हिंदू परिषद सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। वार्ड 19 के पार्षद शिवराज गुर्जर और वार्ड 13 के पार्षद हिमांशु शर्मा भी मौजूद रहे। विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री विजय ओझा, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश बूलिया, महानगर मंत्री ओमप्रकाश लड़ा, महानगर शहर मंत्री सुशील सुवालका और महानगर धर्म प्रसार प्रमुख नीलेश सोनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद