home page

श्रद्धापूर्वक मनाया भगवान विश्वकर्मा पूजन दिवस

 | 
श्रद्धापूर्वक मनाया भगवान विश्वकर्मा पूजन दिवस


जोधपुर, 17 सितम्बर (हि.स.)। सृष्टि के प्रथम वास्तुकार, शिल्पकार और इंजीनियर भगवान विश्वकर्मा का पूजन दिवस आज शहर में श्रद्धापूर्वक व हर्षोल्लास से मनाया गया।

भगवान विश्वकर्मा के पूजन दिवस पर आज बाईजी का तालाब स्थित विश्वकर्मा मंदिर में सभी की सुख-समृद्धि की मंगल कामनार्थ आर्य वीरेंद्र भाकरेचा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन हुआ जिसमें मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुरेश शर्मा, श्री जांगिड़ पंचायत के ज्योति स्वरुप धनेरवा सहित मंदिर कमेटी के गोपी किशन जांगिड़, प्रेमप्रकाश जायलवाल, हुकमाराम झिलोया, मिश्रीलाल कुलरिया, रामदयाल जादम, राधेश्याम दियावड़ा, गंगाराम बरड़वा, चेतन प्रकाश बरड़वा, विनती भाकरेचा, सुनीता शर्मा व गणमान्य समाजबंधुओं ने आहुतियां प्रदान की। आरती के पश्चात काष्ठ कला क्षेत्र में उपयुक्त होने वाले हस्त व विद्युत उपकरणों की विधिवत पूजा अर्चना की गई और प्रसाद वितरण किया गया।

वहीं पुराना हाईकोर्ट परिसर स्थित श्री विश्वकर्मा चैंबर में हर वर्ष की भांति गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा का पूजन दिवस श्रद्धापूर्वक और हर्षोल्लास से मनाया गया। चैबर के संयोजक वरिष्ठ अधिवक्ता भारत भूषण ने बताया कि राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रणजीत जोशी व समस्त पदाधिकारी, बार कांउसलर रतनाराम ठोलिया एवं जांगिड़ महासभा के पदाधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता पुखराज जांगिड़ सहित राजकुमार सुथार व राजेश जांगिड़ के आतिथ्य तथा अनेक अधिवक्ताओं व गणमान्य समाजबंधुओं की मेजबानी में भगवान श्री विश्वकर्मा के तस्वीर पर माल्यार्पण कर विधि-विधान से पूजा अर्चना व आरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। सभी अतिथियों का साफा पहनाकर व माल्यार्पण व दुपट्टे के साथ स्वागत-सत्कार किया गया।

इसी तरह भगवान विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर राजस्थान विद्युत प्रसारण श्रमिक संघ जोधपुर की ओर से न्यू पावर हाउस 220 केवी जीएसएस स्टाफ एवं राजेन्द्र बोडा द्वारा भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। इस अवसर पर विद्युत विभाग में भी कार्यरत कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा का स्मरण करते हुए अपने कार्य में उपयोग आने वाले औजारों एवं उपकरणों की विधिवत पूजा की तथा सभी कर्मचारियों की सुख-समृद्धि, सुरक्षा और कार्यस्थल पर मंगलकामना के लिए प्रार्थना की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश