तारबंदी अनुदान से सुरक्षित हुई फसल
जोधपुर, 05 मई (हि.स.)। राजस्थान सरकार द्वारा कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र से जुड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम रथ अभियान-2026 के अंतर्गत मंगलवार को ग्राम पंचायत बिंजवाडिय़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन, पंचायती राज, राजस्व सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की गई तथा एलईडी माध्यम से योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025-26 में कृषक लिखमाराम पुत्र रामचंद्र माली द्वारा तारबंदी अनुदान योजना के अंतर्गत प्राप्त 33,000 रुपए की सहायता का उल्लेख किया गया। इस अनुदान से उनके खेत में जंगली जानवरों से होने वाले फसल नुकसान में उल्लेखनीय कमी आई है, जिससे कृषि उत्पादन में स्थिरता आई है। कृषक लिखमाराम ने अपने अनुभव साझा करते हुए अन्य किसानों को भी विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया तथा इस सहायता के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्राम रथ अभियान के माध्यम से ग्रामीणों में योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ रही है, जिससे अधिकाधिक पात्र लाभार्थी लाभान्वित हो रहे हैं।
राजस्थान सरकार द्वारा कृषि एवं पशुपालन से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए संचालित ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को ग्राम पंचायत लुणावास खारा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कृषक भगाराम पुत्र मंगनाराम ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने कृषि विभाग की गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना के अंतर्गत अनुदान के लिए आवेदन किया था, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें 10 हजार रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई। इस सहायता से उन्हें जैविक खेती को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला है। कृषक भगाराम ने इस लाभ के लिए राजस्थान सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी सिद्ध हो रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

