home page

शहर में धूमधाम से मनाई जाएगी पीपा जयंती, दो दिन होंगे कार्यक्रम

 | 
शहर में धूमधाम से मनाई जाएगी पीपा जयंती, दो दिन होंगे कार्यक्रम


जोधपुर, 30 मार्च (हि.स.)। संत शिरोमणि पीपा महाराज की 703वीं जयंती दो अप्रेल को मनाई जाएगी। इस अवसर पर जोधपुर में दो दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।

श्री समस्त पीपा क्षत्रिय न्याति ट्रस्ट जोधपुर के अध्यक्ष प्रकाश चावड़ा तथा सचिव नरेश सोलंकी ने बताया कि एक अप्रैल को रक्तदान शिविर से दो दिवसीय कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। रक्तदान शिविर प्रभारी लिखमाराम परिहार ने बताया कि दो दिवसीय पीपा जयन्ती कार्यक्रम के प्रथम दिन एक अप्रैल को रातानाडा स्थित समाज भवन में रक्तदान व नेत्र जांच शिविर आयोजित किया जाएगा।

रक्तदान को लेकर इस वर्ष 201 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। संत पीपा महाराज के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर सुबह नौ बजे रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया जाएगा। यह शिविर दोपहर दो बजे तक जारी रहेगा। विजय चौक स्थित संत पीपा महाराज के मंदिर के व्यवस्थापक हनुमान चावड़ा ने बताया कि जयंती की पूर्व संध्या पर एक अप्रैल को विजय चौक मंदिर में सुंदरकांड पाठ व भजन संध्या का आयोजन डॉ. विजय लक्ष्मी गोयल के निर्देशन में किया जाएगा। इसके बाद दो अप्रैल को सुबह पीपा महाराज के सभी मन्दिरों पर प्रात: पूजा अर्चना के साथ ही हवन किया जाएगा। समाज के लोग अपने अपने घरों में आराध्य देव की पूजा पाठ कर विश्व शांति की प्रार्थना करेंगे।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष बाबूलाल गोयल ने बताया कि दो अप्रैल को सुबह पूजा अर्चना के बाद विजय चौक से शोभायात्रा निकाली जाएगी। विद्याानगर, सूरसागर तथा माता का थान क्षेत्र से शोभायात्रा निकाली जाएगी। ये सभी लघु यात्राएं विजय चौक पहुंचकर मुख्य शोभायात्रा में शामिल हो जाएगी। वहां पर सुबह 10.30 बजे अतिथियों द्वारा केसरिया झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया जाएगा।

शोभायात्रा प्रभारी सीताराम पंवार, पृथ्वीराज चौहान तथा झांकियां प्रभारी दिलीप सोलंकी ने बताया कि शोभायात्रा में भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत अनेक झांकियां शामिल रहेगी। करीब पांच सौ मातृशक्ति अग्रिम पक्ति में कलश उठाए चलेगी। शोभायात्रा विजय चौक मंदिर से आरम्भ होकर अजयचौक, गुलाब सागर, उम्मेद चौक, त्रिपोलिया बाजार, सोजती गेट, मोहनपुरा पुलिया होकर आर्य समाज भवन पहुंच कर संपन्न होगी। कोषाध्यक्ष डा. इन्द्रमल गोयल ने बताया कि इसके पश्चात समाजबंधुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश