home page

शहीद दिवस : भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को दी श्रद्धांजलि, मशाल जुलूस निकाला

 | 
शहीद दिवस : भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को दी श्रद्धांजलि, मशाल जुलूस निकाला


जोधपुर, 23 मार्च (हि.स.)। शहर में सोमवार को शहीद दिवस विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस दौरान शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही युवाओं ने रक्तदान किया। शाम को मशाल जुलूस निकाला गया।

जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी (अल्पसंख्यक विभाग) द्वारा शहीद दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की गई एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र सोलंकी ने कहा कि शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान को याद करना केवल इतिहास को दोहराना नहीं है, बल्कि उस आग को महसूस करना है जिसने भारत की सोई हुई चेतना को जगाया था।

कांग्रेस के शहर जिला अध्यक्ष ओमकार वर्मा ने अपने उद्बोधन में शहीदों के अद्वितीय बलिदान की गाथा को याद करते हुए कहा कि उनके त्याग और समर्पण को देश कभी नहीं भूल सकता।

पूर्व विधायक मनीषा पंवार ने शहीदों के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने अंग्रेजों से डटकर मुकाबला किया और देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।

अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष मोहम्मद फिरोज फेम ने बताय कि इस दौरान कांगे्रस नेता नरेश जोशी, गणपत सिंह चौहान, शहजाद खान, अख्तर खान, भंवरलाल हटवाल, लियाकत अली रंगरेज, रबीना खान, धनपत गुजर, नरेंद्र शर्मा सहित सभी उपस्थित जनों ने शहीदों को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु के बलिदान दिवस पर आज शाम जालोरी गेट से सोजती गेट तक मशाल जुलूस निकाला गया। आर्य वीर दल के अध्यक्ष हरिसिंह आर्य ने बताया कि युवा मशाल, तख्तियां व ओउम के झंडे लेकर शामिल हुए। जुलूस एमजीएच रोड, रणछोड़दास तिराहा व स्टेशन रोड होते हुए सोजती गेट पहुंचकर सभा में बदल गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश