home page

खजुराहो - उदयपुर एक्सप्रेस और स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के समय में हुआ बदलाव

 | 
खजुराहो - उदयपुर एक्सप्रेस और स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के समय में हुआ बदलाव


-बुंदेलखंड एवं मध्य भारत के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

-लघु उद्योग भारती ने रेल मंत्री से समय बदलाव की रखी थी मांग

जोधपुर, 05 मार्च (हि.स.)। बुंदेलखंड एवं मध्य भारत के यात्रियों की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए रेल प्रशासन ने खजुराहो–उदयपुर एक्सप्रेस और स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के समय में हुआ बदलाव करने का निर्णय लिया है। लघु उद्योग भारती ने रेल मंत्री अश्वनी कुमार वैष्णव से लंबे समय से चली आ रही यात्रियों की समस्या से अवगत कराया था जिसके बाद रेल प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।

लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि खजुराहो–उदयपुर एक्सप्रेस (19665) और स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस (12249) का जयपुर से प्रस्थान का समय लगभग एक ही होने के कारण यात्रियों को कनेक्टिंग ट्रेन नहीं मिल पाती थी, जिससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। इस समस्या को रेलमंत्री अश्वनी कुमार वैष्णव के संज्ञान में लाया गया जिसके बाद उन्होंने खजुराहो–उदयपुर एक्सप्रेस (19665) और स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस (12249) के समय में बदलाव के निर्देश दिए हैं।

अब खजुराहो से उदयपुर जाने वाली खजुराहो- उदयपुर एक्सप्रेस जयपुर जंक्शन पर पहले की तुलना में लगभग 10 मिनट पहले पहुंचेगी, वहीं जयपुर से जैसलमेर जाने वाली स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस को जयपुर जंक्शन से लगभग 10 मिनट देरी से रवाना किया जाएगा। इस परिवर्तन से जयपुर जंक्शन पर दोनों ट्रेनों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित हो सकेगी। इससे ग्वालियर, आगरा, मुरैना, धौलपुर तथा बुंदेलखंड क्षेत्र से आने वाले यात्रियों को सीधे जैसलमेर तक यात्रा करने में काफी सुविधा मिलेगी।

लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र ने बताया कि इस निर्णय से विशेष रूप से पश्चिमी राजस्थान के यात्रियों तथा सेना के जवानों को लाभ मिलेगा। लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधियों ने इस निर्णय के लिए रेलमंत्री का आभार व्यक्त किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश