home page

फ्रंटलाइन वाणिज्यिक कर्मचारियों के लिए सात दिवसीय व्यवहार प्रशिक्षण शुरू

 | 
फ्रंटलाइन वाणिज्यिक कर्मचारियों के लिए सात दिवसीय व्यवहार प्रशिक्षण शुरू


जोधपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में फ्रंटलाइन वाणिज्यिक कर्मचारियों के लिए सात दिवसीय व्यवहार प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित सभाकक्ष में प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार, प्रभावी संवाद एवं यात्री सेवा में कर्मचारियों की कार्यकुशलता को और बेहतर बनाना है।

लाइफ एवं स्किल डेवलपमेंट कोच श्रीकांत गुप्ता ने कर्मचारियों को व्यवहार कुशलता,प्रभावी संवाद, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं यात्री सेवा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने प्रशिक्षार्थियों से ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि फ्रंटलाइन कर्मचारी यात्रियों के सीधे संपर्क में रहते हैं, इसलिए उनके व्यवहार में शालीनता,संवेदनशीलता और सेवा भावना होना आवश्यक है।

यात्रियों के साथ शांत एवं सौम्य व्यवहार रखते हुए चेहरे पर मुस्कान के साथ उनकी सहायता के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। प्रत्येक छोटे-बड़े कार्य को जिम्मेदारी और गर्व के साथ करने की भावना होनी चाहिए। डीआरएम ने वाणिज्य कर्मचारियों को रेलवे के नियमों एवं प्रावधानों से निरंतर अपडेट रहने तथा उनका उचित अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने ट्रेनों में यात्रियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और अनुशासन के साथ सेवा प्रदान करने की बात कही। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने स्वागत किया। प्रशिक्षण कार्यदिवसों में 9 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। प्रत्येक बैच में 50 कर्मचारी भाग ले रहे हैं तथा प्रशिक्षण सत्र यथासंभव हिंदी में आयोजित किए जा रहे हैं। अंत में मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश