राष्ट्रीय स्तर पर जोधपुर के खिलाडिय़ों का शानदार प्रदर्शन
जोधपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। वडोदरा में आयोजित ओपन नेशनल कराटे चैम्पियनशिप में जोधपुर के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण सहित कई पदक अपने नाम किए। खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि से जोधपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ।
कोच शिहान सोहनलाल ने बताया कि दक्ष चोरडिय़ा ने अंडर-10 वर्ष काता इवेंट में स्वर्ण पदक तथा कुमिटे में कांस्य पदक जीता। इसी प्रकार दिशी सिंघल ने अंडर-15 वर्ष काता में स्वर्ण और कुमिटे में कांस्य पदक हासिल किया। रचना ने अंडर-11 वर्ष कुमिटे में स्वर्ण तथा काता में कांस्य पदक जीता।
वहीं सहारा बोहरा ने अंडर-13 वर्ष काता इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा गौरवांशी ने अंडर-6 वर्ष कुमिटे में रजत और काता में कांस्य पदक जीता। अमोली उम्मेद जोशी ने अंडर-14 वर्ष काता और कुमिटे दोनों इवेंट में कांस्य पदक अपने नाम किए। खिलाडिय़ों की इस शानदार उपलब्धि पर वाडो-रियो फेडरेशन के डायरेक्टर सेनसेई प्रभु दयाल, महासचिव शिहान सोहनलाल, अध्यक्ष सेनसेई गौरव भाटी एवं उपाध्यक्ष सेनसेई मुकेश दिवराया ने सभी विजेता खिलाडिय़ों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

