मंछापूर्ण बालाजी मंदिर में श्रीपुरुषोत्तम मास संकीर्तन 19 को
जोधपुर, 11 मई (हि.स.)। परमहंस परिव्राजकाचार्य स्वामी ईश्वरानंद गिरि महाराज द्वारा स्थापित जोधपुर संवित साधनायन सोसायटी के तत्वावधान में आगामी श्रीपुरुषोत्तम मास अधिक मास का धार्मिक आयोजन 17 मई से प्रारंभ होगा।
पूरे अधिक मास में शहर के विभिन्न स्थानों पर सामूहिक सत्संग के तहत पहले दिन अजीत भवन से शुभारंभ होगा, दूसरे दिन 18 मई को शोभावतों की ढाणी में किशनचंद बोहरा के यहां सत्संग होगा। तीसरे दिन 19 मई मंगलवार को चौपासनी हाउसिंग बोर्ड 17 सेक्टर में भट्टी की बावड़ी स्थित मंछापूर्ण बालाजी मंदिर के सभागार में सायं 7 बजे से कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियां की जा रही है।
बालाजी मंदिर में सत्संग का आयोजन शरद जोशी, महेंद्र व्यास, राजेंद्र जोशी, रामनिवास और रोहन्त जोशी मिलकर सामूहिक रूप से वैदिक विधि विधान से कर रहे हैं। जोधपुर संवित साधनायन सोसायटी के ब्रजेश हर्ष और अनुज अवस्थी ने बताया कि सामूहिक संकीर्तन का शुभारंभ शांति मंत्रों से होगा। तत्पश्चात श्रीमद्भगवद गीता का पंद्रहवां अध्याय, श्रीविष्णु सहस्रनाम का पाठ, श्रीसूक्त, श्रीपुरुष सूक्त का पाठ और 33 मालपुओं से वैदिक मंत्रों के साथ भगवान श्रीविष्णु की अर्चना की जाएगी। उसके बाद संत सरोवर, सोमाश्रम, अर्बुदाचल के अधिष्ठाता स्वामी संवित सच्चिदानंद गिरि महाराज का संक्षिप्त प्रवचन होगा।
राज्य मानवाधिकार के पूर्व अध्यक्ष गोपालकृष्ण व्यास, मंदिर समिति के खेतसिंह सहित अनेक स्थानीय निवासी भी संकीर्तन में उपस्थित रहेंगे। जोधपुर संवित साधनायन सोसायटी के महेश हर्ष और नेमाराम गहलोत ने बताया कि पुरे माह होने वाले पाठ के लिए संवित साहित्य की पुस्तकें प्रकाशित करवाई गई है जो प्रतिदिन साधकों को नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी।
संवित साधक नरेंद्र बोहरा ने अपने परिजनों की स्मृति में तथा दूसरी पुस्तक तरुण व्यास और अंजना बिस्सा ने अपने परिजनों की स्मृति में प्रकाशित करवाई है जिसका विमोचन 17 मई को अजीत भवन में स्वामी संवित सच्चिदानंद गिरि महाराज करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

