home page

जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस में बढ़ेंगे तीन डिब्बे, एलएचबी कोच से दौड़ेगी

 | 
जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस में बढ़ेंगे तीन डिब्बे, एलएचबी कोच से दौड़ेगी


जोधपुर से 14 और भोपाल से 15 अप्रैल से एलएचबी रैक से संचालन

जोधपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। यात्रियों को अधिक आरामदायक और सुरक्षित सफर देने के उद्देश्य से रेलवे ने ट्रेन संख्या 14813/14814 जोधपुर-भोपाल-जोधपुर प्रतिदिन एक्सप्रेस को अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त एलएचबी कोच से चलाने का निर्णय लिया है। यह नई व्यवस्था जोधपुर से 14 अप्रैल और भोपाल से 15 अप्रैल से लागू होगी। साथ ही ट्रेन में डिब्बों की संख्या 17 से बढ़ाकर 20 कर दी गई है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि एलएचबी कोच लगने से यात्रियों को उच्च स्तरीय सुरक्षा, बेहतर राइड क्वालिटी और अधिक आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। साथ ही अतिरिक्त डिब्बे जुडऩे से सीट उपलब्धता बढ़ेगी और वेटिंग लिस्ट की समस्या में भी कमी आएगी।

उन्होंने बताया कि पहले से ही लोकप्रिय इस ट्रेन में अब सुविधाओं के विस्तार से यात्रियों का सफर और अधिक सुगम व आरामदायक होगा। एलएचबी कोच में बेहतर राइड क्वालिटी, कम झटके, उन्नत ब्रेकिंग सिस्टम, अधिक सुरक्षा मानक, साफ-सुथरे एवं आरामदायक कोच, बेहतर वेंटिलेशन और आधुनिक शौचालय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अब ट्रेन में 2 सेकंड एसी, 2 थर्ड एसी इकोनॉमी, 3 थर्ड एसी, 7 स्लीपर, 4 जनरल, 1 लगेज ब्रेक वैन और 1 गार्ड कम जनरेटर वैन सहित कुल 20 डिब्बे रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश