home page

नौ मई से चलेगी भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन : जयपुर सहित कई स्टेशनों से यात्री बैठ सकेंगे

 | 
नौ मई से चलेगी भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन : जयपुर सहित कई स्टेशनों से यात्री बैठ सकेंगे


जोधपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन नौ मई से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन शुरू कर रहा है। यह ट्रेन श्री गंगानगर से रवाना होकर अलग-अलग स्टेशनों से यात्रियों को लेकर 11 दिन में देश के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों तक जाएगी। 19 मई को यात्रा पूरी होगी। ट्रेन का रूट श्री गंगानगर से शुरू होकर हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, रिंगस, जयपुर, भरतपुर, मथुरा, आगरा कैंट, ग्वालियर, झांसी और कानपुर रहेगा।

आईआरसीटीसी जयपुर के अपर महाप्रबंधक योगेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि श्रद्धालुओं की मांग को देखते हुए इस ट्रेन को प्लान किया गया है, ताकि एक ही पैकेज में कई बड़े धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जा सकें। उन्होंने बताया कि ट्रेन में थर्ड एसी कोच, किचन कार और बायो टॉयलेट जैसी सुविधाएं होंगी। यात्रियों के लिए स्टैंडर्ड और कंफर्ट दो कैटेगरी रखी गई हैं, ताकि बजट के अनुसार विकल्प मिल सके।

इस यात्रा में पुरी का जगन्नाथ धाम, कोणार्क का सूर्य मंदिर, गंगासागर तीर्थ, कोलकाता का काली घाट मंदिर, जसडीह स्थित बैधनाथ धाम, गया के महाबोधी मंदिर और विष्णुपद मंदिर, वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर और गंगा आरती, साथ ही अयोध्या में रामलला मंदिर और हनुमानगढ़ी के दर्शन शामिल हैं। अलग-अलग राज्यों के इन प्रमुख तीर्थों को एक ही रूट में कवर किया गया है।

यह रहेगा किराया, ये मिलेंगी सुविधाएं

आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश सैनी ने बताया- स्टैंडर्ड कैटेगरी का किराया 27,890 रुपये रखा गया है, जिसमें एसी ट्रेन यात्रा, ठहरने के लिए नॉन-एसी होटल और लोकल ट्रांसपोर्ट के लिए नॉन-एसी बसें शामिल हैं। कंफर्ट कैटेगरी का किराया 32,065 रुपये है, जिसमें एसी होटल और एसी बस सुविधा दी जाएगी। पैकेज में कन्फर्म बर्थ, होटल में ठहरना, ब्रेकफास्ट, लंच, डिनर, पेयजल और लोकल ट्रांसपोर्ट शामिल रहेगा। यात्रियों को इंश्योरेंस कवर भी मिलेगा।

यह है ट्रेन की यात्रा का पूरा शेड्यूल

ट्रेन 9 मई को श्री गंगानगर से रवाना होकर 11 मई को गया पहुंचेगी, जहां महाबोधी मंदिर और विष्णुपद मंदिर के दर्शन होंगे। इसके बाद 12 मई को पुरी, 13 मई को कोणार्क और 14 मई को कोलकाता पहुंचकर गंगासागर ले जाया जाएगा। 15 मई को काली घाट मंदिर के दर्शन के बाद 16 मई को जसडीह में बैधनाथ धाम, 17 मई को वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर और गंगा आरती, जबकि 18 मई को अयोध्या में रामलला मंदिर और हनुमानगढ़ी के दर्शन होंगे। इसके बाद ट्रेन वापस श्री गंगानगर के लिए रवाना होगी और 19 मई को यात्रा पूरी होगी। यात्री इस पैकेज की बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर कर सकते हैं। इसके अलावा जयपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय (जीवन प्रकाश बिल्डिंग, अंबेडकर सर्किल, भवानी सिंह रोड) में जाकर भी बुकिंग करवाई जा सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश