home page

बीजेपी के विजय सिंह पंवार बने जोधपुर के नए डिप्टी मेयर

 | 
बीजेपी के विजय सिंह पंवार बने जोधपुर के नए डिप्टी मेयर


कांग्रेस के अब्दुल करीम जॉनी को 4 वोटों से हराया

जोधपुर, 26 सितम्बर (हि.स.)। जोधपुर नगर निगम में महापौर के बाद उप महापौर की कुर्सी पर भी भाजपा ने कब्जा जमा लिया है। भाजपा के पार्षद विजय पंवार उप महापौर निर्वाचित हो गए है। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी अब्दुल करीम जॉनी को चार वोटों से हरा दिया। बीजेपी को कुल 52 वोट मिले। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल करीम जॉनी को 48 वोट मिले।

विजय सिंह पंवार ने निकाय चुनाव में पूर्व सीएम अशोक अशोक गहलोत के भांजे प्रशांत कच्छवाहा को हराया था। इसके साथ ही विजय सिंह पंवार संघ के भी करीबी माने जाते हैं। डिप्टी मेयर विजय पंवार ने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार अब मिलकर जोधपुर में विकास की गंगा बहाएगी। जोधपुर को और अधिक भव्य व सुंदर बनाएंगे।

महापौर का चुनाव जीतने के बाद भाजपा ने आज उप महापौर पद के लिए वार्ड 98 के पार्षद विजय सिंह पंवार को मैदान में उतारा। वहीं कांग्रेस ने पूर्व उप महापौर अब्दुल करीम को वापस मैदान में उतारा। दोपहर में मतदान किया गया। मतदान के तुरंत बाद मतगणना हुई और शाम को जोधपुर के नए उप महापौर की घोषणा की गई। इसमें विजय सिंह पंवार को चार वोटों से विजयी घोषित किया गया। उन्हें कुल 52 वोट मिले। बता दे कि भाजपा के पास 45 अपने और 7 निर्दलीयों का समर्थन था।

वहीं कांग्रेस के पास अपने 44 पार्षद थे। महापौर चुनाव में निर्दलीयों के समर्थन के साथ कांग्रेस की गिनती 47 पर अटक गई थी। लेकिन उपमहापौर के चुनाव में कांग्रेस को 48 वोट मिले। यानि की उपमहापौर के चुनाव में भाजपा को महापौर के चुनाव के मुकाबले एक वोट कम मिला। बता दे कि भाजपा के प्रसन्नचन्द मेहता शुक्रवार को जोधपुर के महापौर चुने गए थे। इस प्रकार जोधपुर के मेयर, डिप्टी मेयर के पद पर भगवा परचम लहरा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश