home page

मुख्य सचिव ने किया उम्मेद अस्पताल व हाईकोर्ट भवन का निरीक्षण

 | 
मुख्य सचिव ने किया उम्मेद अस्पताल व हाईकोर्ट भवन का निरीक्षण


जोधपुर, 05 सितम्बर (हि.स.)। प्रदेश के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को अपने जोधपुर प्रवास के दौरान उम्मेद अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्त्री रोग बहिरंग विभाग, लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर, गायनी आईसीयू, एचडीयू तथा पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड-1 एवं 3 सहित विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का सघन अवलोकन कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद सीएस श्रीनिवास ने हाईकोर्ट के नए भवन का जायजा लिया एवं अधिकारियों से जानकारी ली।

मुख्य सचिव ने उम्मेद अस्पताल में नवजात शिशु सघन उपचार इकाई में आउट-बॉर्न एवं इन-बॉर्न नर्सरी का निरीक्षण कर नवजात शिशुओं के उपचार एवं देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों एवं चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने उपचार व्यवस्थाओं को सुचारू एवं प्रभावी बनाए रखने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में उपलब्ध उपकरणों, संसाधनों एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुचारू चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण तथा संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त कन्हैया लाल स्वामी, जिला कलक्टर आलोक रंजन, सीईओ जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा, डॉ. संपूर्णानंद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बीएस जोधा, उम्मेद चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. मोहन मकवाना सहित संबंधित चिकित्सा अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज से मुख्य सचिव हाईकोर्ट के झालामंड स्थित मुख्य पीठ भवन गए, जहां भवन के उन हिस्सों का जायजा लिया, जिनको लेकर हाइकोर्ट ने प्रसंज्ञान लिया। दरअसल आईआईटी बॉम्बे की एक्सपर्ट रिपोर्ट में हाल में खुलासा हुआ कि वर्ष 2019 में उद्घाटन हुए मुख्य पीठ के भव्य और अत्याधुनिक नए भवन का विशाल सेंट्रल डोम (मध्य गुंबद- लगभग 21 मीटर ऊंचा) ढहने की कगार पर है। रिपोर्ट में कहा गया कि यह गुंबद बेहद जर्जर है और कभी भी गिर सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश