home page

ग्राम रथ अभियान बना योजनाओं तक पहुंच का सशक्त माध्यम

 | 
ग्राम रथ अभियान बना योजनाओं तक पहुंच का सशक्त माध्यम


जोधपुर, 06 मई (हि.स.)। राजस्थान सरकार द्वारा कृषि एवं पशुपालन से जुड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को ग्राम पंचायत जानादेसर में ग्राम रथ अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा मौके पर ही लाभार्थियों से संवाद स्थापित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कृषक मोहनराम पुत्र चुनाराम ने अपनी प्रेरक कहानी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने कृषि विभाग की योजना के अंतर्गत कृषि यंत्र (मल्टी क्रोप थ्रेशर) के लिए अनुदान के लिए आवेदन किया था। आवेदन स्वीकृत होने पर उन्हें राजस्थान सरकार की ओर से एक लाख रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ, जिससे उन्होंने आधुनिक कृषि यंत्र खरीदा। उन्होंने बताया कि इस यंत्र के उपयोग से उनके कृषि कार्य में समय और श्रम की बचत हुई है, साथ ही उत्पादन क्षमता में भी वृद्धि हुई है। मोहनराम ने इस सहयोग के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ग्राम रथ अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी अब सीधे गांव-गांव तक पहुंच रही है, जिससे अधिक से अधिक किसान एवं ग्रामीण इनका लाभ उठा रहे हैं।

जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि सात मई को लूणी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पंचायत समिति धवा की ग्राम पंचायत भाण्डुखर्दु, भाण्डुकला, हमीरनगर, फींच, नारनाडी से ग्राम रथ रवाना किए जाएंगे। इसी क्रम में बिलाड़ा विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति बिलाड़ा की ग्राम पंचायत बीजवाडिय़ा, खारिया मीठापुर, उदलियावास, कालाउना एवं झाक से ग्राम रथ संचालित होंगे। भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति भोपालगढ की ग्राम पंचायत उस्तरा, हीरादेसर, रूदिया, बीरानी, नंदिया प्रभावती एवं बुदिकया से तथा ओसियां विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति ओंसिया की ग्राम पंचायत भाखरो की ढाणी, बारा खुर्द, चान्दरख, खिंदाकोर एवं तापु से ग्राम रथ पहुंचेंगे। इसके अतिरिक्त शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति चामू की ग्राम पंचायत बनो का बांस, गिलाकौर, ठाडियां, लोड़ता अचलावता, एवं देवातु से भी ग्राम रथ संचालित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश