home page

गणगौरी तीज नजदीक : शहर में गूंज रहे गणगौर पूजन के गीत

 | 
गणगौरी तीज नजदीक : शहर में गूंज रहे गणगौर पूजन के गीत


-तीजणियों ने निभाई घुड़ला परंपरा, परिवार की सुख-शांति व अखंड सुहाग की कामना

जोधपुर, 16 मार्च (हि.स.)। शहर में इन दिनों गणगौर पूजन को लेकर उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। विभिन्न मोहल्लों और चौक-चौराहों पर गणगौर पूजन के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं। महिलाएं और युवतियां पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी नजर आ रही हैं। गणगौर पर्व के तहत तीजणियां परंपरागत घुड़ला की रस्म का भी निर्वाह कर रही हैं।

महिलाएं सिर पर सजे हुए घुड़ला को लेकर समूह में घूमते हुए गणगौर के गीत गाती हैं और पूजा-अर्चना करती हैं। इस अवसर पर तीजणियां माता गणगौर से अखंड सुहाग, परिवार की सुख-समृद्धि और घर-परिवार में सुख-शांति की कामना कर रही हैं।

चौपासनी हाउसिंग बोर्ड 18ई क्षेत्र में महिलाओं व तीजणियों द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ गणगौर पूजन किया गया। पूजन के बाद तीजणियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार घुड़ला को सजाकर घर-घर घुमाया और गणगौर माता के गीत गाते हुए खुशहाली व सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उषा अग्रवाल, सुशीला भट्टड़, सरस्वती गोयल, दिव्या सोनी, गीता सोनी, सरला, दीपिका खुशाली, गायत्री ने गणगौर पूजा कर के अमर सुहाग का वरदान मांगा।

इसी परंपरा को निभाते हुए जालोरी गेट इंद्रा चौक से वनीता चौधरी के नेतृत्व में तृप्ति, मंजू, प्रेमलता पंवार, इंदु, प्रेम, ऊषा, संतोष, शांति, इंद्रा, संगीता, अनिशा आदि सजी-धजी महिलाएं सिर पर घुड़ला रखकर ढोल थाली के साथ पारंपरिक गीतों पर नृत्य करते हुए रवाना हुई और चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 14 में प्रेमलता चौधरी के घर पहुंची और वहां बंदौला दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश