home page

जेएनीवयू में परीक्षा के सिर्फ 24 घंटे के भीतर जारी हुआ रिजल्ट

 | 
जेएनीवयू में परीक्षा के सिर्फ 24 घंटे के भीतर जारी हुआ रिजल्ट


जोधपुर, 10 जून (हि.स.)। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर पवन कुमार शर्मा के निर्देश पर मास्टर ऑफ फिजिकल एजुकेशन चतुर्थ सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया। परीक्षा समाप्त होने के महज 24 घंटे के भीतर परिणाम जारी कर प्रशासन ने एक नई मिसाल पेश की है। ये परीक्षा 5 जून को प्रारंभ और 9 जून को सम्पन्न हुई। सराहनीय पहल करते हुए विश्वविद्यालय ने दस जून को परिणाम घोषित कर दिया।

दरअसल कुलगुरु प्रोफेसर पवन कुमार शर्मा को जब ये जानकारी दी गई कि खेल विभाग में नौकरी के लिए आवेदन करने की 10 जून अंतिम तिथि है तो उन्होंने परीक्षा विभाग को परिणाम तुरंत जारी करने के निर्देश दिए।

परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर ज्ञानसिंह शेखावत ने बताया कि ये परीक्षा नई शिक्षा नीति एनईपी के तहत आयोजित की गई थी। डिजिटल मूल्यांकन और सुव्यवस्थित मैनेजमेंट प्रणाली के चलते इस बार परीक्षा संपन्न होने के अगले ही दिन परिणाम तैयार कर लिए गए।

इस त्वरित कार्रवाई से न केवल छात्रों का कीमती समय बचेगा, बल्कि वे आगामी सत्र या अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं व उच्च शिक्षा के लिए बिना किसी देरी के आवेदन कर सकेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश