home page

डेगाना में आरओबी-आरयूबी निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार, आरयूबी का 80 फीसदी काम पूरा

 | 
डेगाना में आरओबी-आरयूबी निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार, आरयूबी का 80 फीसदी काम पूरा


कम्पोजिट गर्डर साइट पर पहुंचे, स्वीकृति मिलते ही होगी लॉन्चिंग

जोधपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के डेगाना में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज एवं रेलवे अंडरब्रिज का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। परियोजना के पूरा होने से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी तथा सडक़ और रेल दोनों यातायात अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनेंगे।

उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार, आरयूबी-72 का लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष कार्य भी निर्धारित योजना के अनुसार तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरओबी के रेलवे स्पैन के लिए आवश्यक कम्पोजिट गर्डरों का फैब्रिकेशन कार्य पूर्ण हो चुका है और सभी गर्डर निर्माण स्थल पर पहुंच चुके हैं।

वर्तमान में रेलवे स्पैन की कम्पोजिट गर्डर लॉन्चिंग स्कीम रेलवे की स्वीकृति प्रक्रिया में है। स्वीकृति मिलते ही रेलवे स्पैन पर गर्डर लॉन्चिंग का महत्वपूर्ण कार्य तत्काल शुरू कर दिया जाएगा। यह परियोजना का सबसे अहम चरण माना जाता है। इसके साथ ही रेलवे स्पैन से सटे दोनों ओर के एडजेसेंट स्पैनों के डेक स्लैब का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। निर्माण एजेंसी समानांतर रूप से आरओबी के दोनों तरफ बनने वाली एप्रोच रोड का कार्य भी कर रही है, ताकि पुल का निर्माण पूरा होते ही सडक़ संपर्क भी सुचारु रूप से शुरू किया जा सके। रेलवे का कहना है कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप प्रगति पर है। रेलवे स्पैन की लॉन्चिंग के बाद परियोजना को और गति मिलेगी तथा शेष कार्य तेजी से पूरे किए जाएंगे।

आरओबी एवं आरयूबी के निर्माण के बाद डेगाना क्षेत्र में सडक़ यातायात पहले की तुलना में अधिक सुगम होगा। रेलवे फाटक पर वाहनों की लंबी कतारों और प्रतीक्षा से लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही आपातकालीन सेवाओं, भारी वाहनों और दैनिक यात्रियों की आवाजाही भी अधिक सुरक्षित और निर्बाध हो सकेगी। यह परियोजना क्षेत्र के यातायात ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से भी निजात दिलाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश