समारोहपूर्वक मनाया 11वां आयुर्वेद दिवस
जोधपुर, 23 सितम्बर (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के सुश्रुत सभागार मे 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल की प्रेरणा से विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमडीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल ने की। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रो. ब्रह्मानन्द शर्मा द्वारा 11वें आयुर्वेद दिवस के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों का विस्तृत कार्यक्रम प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर आयुर्वेद विषय पर दो विशेष शैक्षणिक व्याख्यान आयोजित किए गए। डॉ. सौरभ अग्रवाल तथा डॉ. भानुप्रिया चौधरी ने आयुर्वेद के विभिन्न आयामों, स्वस्थ जीवनशैली तथा वर्तमान समय में आयुर्वेद की प्रासंगिकता पर सारगर्भित व्याख्यान दिए।
आयुर्वेद दिवस के अंतर्गत पीजीआईए द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। इनमें वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, आयुर्वेदिक आहार प्रतियोगिता, पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता, स्वास्थ्य शिविर, शैक्षणिक व्याख्यान एवं जनजागरूकता कार्यक्रम प्रमुख रहे। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा आयुर्वेद के सिद्धांतों एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित संदेशों को रचनात्मक माध्यमों से प्रस्तुत किया।
नव नियुक्त छात्रसंघ सदस्यों को दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान छात्र कल्याण बोर्ड द्वारा नव नियुक्त छात्रसंघ के सदस्यों को पद एवं दायित्व की शपथ भी दिलाई गई। छात्र कल्याण बोर्ड अध्यक्ष डॉ. अरुण दाधीच ने बताया कि इस अवसर पर विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय एवं छात्र हित में जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने, अनुशासन बनाए रखने तथा शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रो. चन्दन सिंह, प्राचार्य, पीजीआईए, द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव सोहन लाल, प्रो. गोविंद प्रसाद गुप्ता, प्रो. महेंद्र शर्मा, प्रो. राजाराम अग्रवाल, प्रो. देवेंद्र चाहर, प्रो. दिनेश चंद्र शर्मा, डॉ. अरुण दाधीच, प्रो. हरीश सिंघल, प्रो. गौरव नागर, तथा डॉ. चंद्रभान शर्मा सहित विश्वविद्यालय के आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं प्राकृतिक चिकित्सा संकायों के अधिकारी, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

