home page

रियायती दर पर पौधा वितरण अभियान को मिल रहा उत्साहजनक प्रतिसाद, जेडीए ने बांटे 6638 पौधे

 | 
रियायती दर पर पौधा वितरण अभियान को मिल रहा उत्साहजनक प्रतिसाद, जेडीए ने बांटे 6638 पौधे


जयपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। राज्य सरकार के ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा रियायती दर पर संचालित पौधा वितरण अभियान को आमजन का उत्साहजनक सहयोग मिल रहा है। अभियान की शुरुआत से अब तक जेडीए ने 6638 छायादार एवं फलदार पौधों का वितरण किया है।

जयपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि इस वर्ष जेडीए ने आमजन के लिए 85 हजार पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित की है। इनमें लगभग 10 फीट ऊंचाई के 28,800 तथा लगभग 5 फीट ऊंचाई के 56 हजार पौधे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि रियायती दरों पर पौधे उपलब्ध कराने से अधिकाधिक नागरिक अभियान से जुड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पारदर्शिता और नागरिकों की सुविधा के लिए जेडीए ने ‘पे फॉर प्लांट’ पोर्टल शुरू किया है। इसके माध्यम से नागरिक मोबाइल नंबर के ओटीपी सत्यापन के बाद अधिकतम दो बड़े पौधे 80 रुपये प्रति पौधा तथा तीन छोटे पौधे 50 रुपये प्रति पौधा की रियायती दर पर ऑनलाइन बुक कर सकते हैं। भुगतान रसीद और ओटीपी सत्यापन के आधार पर निर्धारित वितरण केंद्रों से पौधे प्राप्त किए जा रहे हैं।

जेडीए की ओर से प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शहर के 12 निर्धारित वितरण केंद्रों पर पौधों का वितरण किया जा रहा है। इनमें जवाहर सर्किल, निलय कुंज पार्क, रामनिवास बाग, नेहरू बालोद्यान, सेंट्रल पार्क, शिवाजी नगर पार्क, त्रिवेणी नगर सामुदायिक केंद्र, वुडलैंड पार्क, वैशाली नर्सरी पार्क, करधनी पार्क, मरुधर नगर पार्क तथा स्मृति वन शामिल हैं।

सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि इस वर्ष पौधा वितरण के साथ एक अभिनव पहल भी की गई है। पौधों की जीवित रहने की दर बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक वितरण केंद्र पर वैज्ञानिक एवं तकनीकी पद्धति से पौधारोपण का चरणबद्ध मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे नागरिकों को पौधारोपण की सही तकनीक की जानकारी मिल रही है और पौधों के संरक्षण में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि रियायती दर पर पौधों के वितरण के साथ-साथ जेडीए जुलाई से नवम्बर 2026 तक विभिन्न राजकीय संस्थानों, जिनमें पुलिस थाने, विद्यालय, चिकित्सालय और आवासीय योजनाएं शामिल हैं, में मांग प्राप्त होने पर नि:शुल्क वृक्षारोपण भी कराएगा।

जेडीए आमजन से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़कर पौधारोपण करने की अपील कर रहा है, ताकि राज्य सरकार के ‘हरियालो राजस्थान’ संकल्प के अनुरूप जयपुर को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश