जेडीए ने 20 बीघा में बसाई जा रही चार अवैध कॉलोनियां ध्वस्त कीं
जयपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के प्रवर्तन दस्ते ने मंगलवार को करीब 20 बीघा निजी खातेदारी भूमि पर बसाई जा रही चार अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई कर मिट्टी-ग्रेवल की सड़कें और अन्य अवैध निर्माण ध्वस्त किए।
उप महानिरीक्षक पुलिस आनन्द शर्मा ने बताया कि जोन-12 में ग्राम बेगस में करीब 10 बीघा निजी खातेदारी भूमि पर कार्रवाई की गई। वहीं जोन-14 में ग्राम वाटिका के खसरा नंबर 1561 में निमेड़ी रोड से रामसिंहपुरा जाने वाली सड़क पर करीब तीन बीघा तथा निमेड़ी रोड पर करीब तीन बीघा निजी खातेदारी भूमि पर बसाई जा रही अवैध कॉलोनियों के निर्माण ध्वस्त किए गए। इसके अलावा ग्राम कुम्हारियाबास में पोद्दार कॉलेज के सामने करीब चार बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी के लिए किए गए निर्माण भी हटाए गए।
जेडीए दस्ते ने जोन-14 में शिकारपुरा से दादिंया विप्र विहार जाने वाली सड़क की सीमा में अतिक्रमण कर बनाए गए चबूतरे और टीनशेड हटाकर सड़क सीमा को अतिक्रमण मुक्त कराया। इसी तरह जोन-9 में महल रोड स्थित कैपिटल मॉल के सामने सड़क सीमा पर थड़ियां, ठेले, बांस-तंबू और तिरपाल लगाकर किए गए अतिक्रमण भी हटाए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

