home page

केंद्र में आरक्षण की मांग को लेकर आज भरतपुर में जाट समाज की हुंकार सभा, लाखों लोगों के जुटने का दावा

 | 
केंद्र में आरक्षण की मांग को लेकर आज भरतपुर में जाट समाज की हुंकार सभा, लाखों लोगों के जुटने का दावा


भरतपुर, 21 जून (हि.स.)। भरतपुर, धौलपुर और डीग जिले के जाट समाज को केंद्र में आरक्षण दिलाने की मांग को लेकर 22 जून को भरतपुर के नुमाइश मैदान में हुंकार सभा आयोजित की जाएगी। सभा में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रमुख एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल भी शामिल होंगे। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है।

आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक नेम सिंह फौजदार ने बताया कि नुमाइश मैदान में लाखों लोगों के बैठने की क्षमता वाला विशाल डॉम और टेंट तैयार किया गया है। सभा के लिए गांव-गांव जाकर जाट समाज के लोगों को पीले चावल बांटकर आमंत्रित किया गया है। राजस्थान के विभिन्न जिलों के अलावा दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में समाज के लोग सभा में शामिल होने पहुंच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जाट समाज लंबे समय से केंद्र में आरक्षण की मांग को लेकर संघर्ष कर रहा है।

विभिन्न सरकारों की ओर से कई बार आश्वासन दिए गए, लेकिन अब तक समाज की मांग पूरी नहीं हो सकी है। ऐसे में आज की हुंकार सभा को आरक्षण आंदोलन की दिशा तय करने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार, सभा में आरक्षण की मांग को लेकर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी और आंदोलन को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी।

समाज के प्रतिनिधि इस मुद्दे पर निर्णायक लड़ाई की रूपरेखा तैयार करने के लिए एक मंच पर एकत्रित होंगे।

सभा स्थल पर आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा सहायता और एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई है। प्रशासनिक स्तर पर भी कार्यक्रम को देखते हुए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित