गोविंददेवजी मंदिर में 19 अगस्त से जन्माष्टमी महोत्सव
जयपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। आराध्य देव ठिकाना मंदिर श्री गोविंददेवजी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव-उत्सव श्रृंखला 2026 का शुभारंभ 19 अगस्त से होगा। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी महाराज के सान्निध्य में 19 अगस्त से 3 सितंबर तक प्रतिदिन विभिन्न संकीर्तन मंडलों की ओर से भजन, हरिनाम संकीर्तन, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और 5 सितंबर को नंदोत्सव मनाया जाएगा। नंदोत्सव के अवसर पर शाम 4:30 बजे मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
महंत अंजन कुमार गोस्वामी के अनुसार महोत्सव की शुरुआत 19 अगस्त को अष्टप्रहर बंगाली संकीर्तन मंडल के संकीर्तन से होगी। 20 अगस्त को प्रात: अष्टप्रहर बंगाली संकीर्तन मंडल और शाम को श्री गिर्राज परिक्रमा मंडल प्रस्तुति देगा। 21 अगस्त को श्री बलराम महिला सत्संग मंडल तथा शाम को रेखा सैनी और दीपक माथुर, 22 अगस्त को श्री गौरांग महाप्रभु मंदिर और श्री निम्बार्क सत्संग मंडल तथा 23 अगस्त को श्री हरिनाम संकीर्तन मंडल (रवि रसिया) की प्रस्तुतियां होंगी।
24 अगस्त एकादशी को श्री निम्बार्क परिषद और श्री त्रिवेणी सत्संग मंडल, 25 अगस्त को श्री जगद्गुरु रामानंद संकीर्तन सत्संग मंडल तथा शाम को श्री मन्मध्व गौड़ेश्वर मंडल की ओर से 64 महंत भोग दर्शन का आयोजन होगा। 26 अगस्त को श्री गौर गोविंद महिला मंडल और शाम को आलोक भट्ट की गायन प्रस्तुति होगी।
27 अगस्त को श्री हरिनाम संकीर्तन परिवार व श्री गुरुकृपा सत्संग मंडल, 28 अगस्त रक्षाबंधन पर श्री गोविंद की गैया संकीर्तन मंडल, 29 अगस्त को श्री विठ्ठल भैया एवं परिकर (जोधपुर) तथा शाम को संजय रायजादा व मंजू शर्मा गायन एवं नृत्य की प्रस्तुति देंगे।
30 अगस्त को श्री राधागोविन्द देवजू चाकर, दोपहर 1 से 3 बजे तक ऑसम पब्लिक स्कूल, ब्रह्मपुरी और शाम को श्री बलराम सत्संग मंडल कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। 31 अगस्त को श्री राधागोविन्द सखी परिवार और शाम को अविनाश शर्मा, 1 सितंबर को श्री राधागोविन्द कृपा प्रभात फेरी मंडल और श्री नारायण नाम संकीर्तन मंडल, 2 सितंबर को श्री गोपीनाथ महिला मंडल और श्री गौरांग महाप्रभु संकीर्तन मंडल तथा 3 सितंबर को अष्टप्रहर वृंदावन संकीर्तन मंडल की ओर से ठाकुरजी के दरबार में हाजिरी लगाई जाएगी।
जन्माष्टमी के दिन 4 सितंबर को मंदिर में विशेष दर्शन होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगला झांकी सुबह 4 से 6:30 बजे, धूप 7 से 9 बजे, श्रृंगार 9:30 से 11:15 बजे, राजभोग 11:45 से दोपहर 1:15 बजे, ग्वाल 4 से 6:30 बजे, संध्या 6:45 से रात 8:30 बजे और शयन दर्शन रात 9:15 से 10:30 बजे तक होंगे।
इसके बाद रात 11 से 11:15 बजे तक मंगला आरती और रात 12 से 12:30 बजे तक निज पूजा, अभिषेक आरती एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्माभिषेक और विशेष पूजन के साक्षी बनेंगे।
5 सितंबर को नंदोत्सव मनाया जाएगा। इस दिन धूप दर्शन सुबह 7:30 से 8:45 बजे, श्रृंगार दर्शन 9:15 से 10:15 बजे, राजभोग 10:45 से 11:30 बजे, ग्वाल 6 से 6:30 बजे, संध्या दर्शन 7 से 8:15 बजे और शयन दर्शन 8:30 से 9 बजे तक होंगे।
नंदोत्सव के अवसर पर शाम 4:30 बजे मंदिर श्री गोविंददेवजी से लवाजमे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से होकर निकलेगी। इसमें जलेबी चौक, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, सांगानेरी गेट, बापू बाजार, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार और जनानी ड्योढ़ी सहित प्रमुख मार्ग शामिल रहेंगे। शोभायात्रा के मार्ग को लेकर मंदिर प्रशासन की ओर से निर्धारित व्यवस्था के अनुसार श्रद्धालुओं को जानकारी दी जाएगी।
मंदिर प्रशासन के अनुसार प्रत्येक रविवार और एकादशी को मंगला झांकी सुबह 4:30 बजे से, धूप झांकी सुबह 7:30 बजे से और ग्वाल झांकी शाम 4:45 बजे से खुलेगी। श्रद्धालुओं से दर्शन के दौरान निर्धारित प्रवेश-निकास मार्ग और होल्डिंग बैरियर का ही उपयोग करने की अपील की गई है।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि सुरक्षा की दृष्टि से बैग, कैमरा, नारियल, ज्वलनशील पदार्थ, बीड़ी-सिगरेट, माचिस अथवा संदिग्ध वस्तुएं साथ लेकर नहीं आएं। किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल सुरक्षाकर्मियों अथवा पुलिस को दें। बुजुर्ग, बच्चे, बीमार और दिव्यांग श्रद्धालु अत्यधिक भीड़ वाले समय में आने से बचें। मंदिर प्रशासन की ओर से महोत्सव के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

