home page

गोविंददेवजी मंदिर में हुए जल यात्रा के अद्भुत दर्शन: ठाकुरजी को लगाया 100 किलो आम का भोग

 | 
गोविंददेवजी मंदिर में हुए जल यात्रा के अद्भुत दर्शन: ठाकुरजी को लगाया 100 किलो आम का भोग


गोविंददेवजी मंदिर में हुए जल यात्रा के अद्भुत दर्शन: ठाकुरजी को लगाया 100 किलो आम का भोग


जयपुर, 11 जून (हि.स.)। जयपुर के आराध्य देव मंदिर श्री गोविंद देव जी महाराज में गुरुवार को द्वितीय ज्येष्ठ कृष्ण (अधिक) एकादशी 'परमा एकादशी' के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन हुए। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में राजभोग झांकी के बाद ठाकुर जी के अद्भुत जल यात्रा दर्शन हुए। जिसे निहारने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।

गोविंद देवजी मंदिर के सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत तड़के मंगला झांकी के पश्चात हुई। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच ठाकुर श्रीजी का पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद ठाकुरजी को सफेद-लाल बूटियों वाली 'नटवर वेश' पोशाक से अलंकृत कर भव्य श्रृंगार धराया गया। ठाकुरजी ने विशेष फूलों से बने अलंकार और मुकुट भी धारण किया।

राजभोग झांकी के दौरान सुबह 11:15 बजे से 11:45 बजे तक जल यात्रा झांकी के विशेष दर्शन हुए। इस दौरान ठाकुर श्रीजी एवं राधा रानी जी के करकमलों में सोने की पिचकारी धराई गई। भीषण गर्मी से ठाकुरजी को शीतल सुख प्रदान करने के लिए ऋतुफल जैसे खरबूजा, तरबूज और सिकरान पूड़ी का विशेष भोग अर्पित किया गया। इसके साथ ही 'आम महोत्सव' के भाव से ठाकुरजी को सेवा के तहत 100 किलो आम मनोरथ अर्पित किया गया।

गोविंद देवजी मंदिर के सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी के अनुसार जलयात्रा उत्सव श्रृंखला के तहत अगले विशेष दर्शन अमावस्या के अवसर पर आगामी 15 जून 2026 को होंगे। श्रद्धालु इस दिन सुबह 11:15 बजे से 11:45 बजे तक जल यात्रा के दर्शन कर सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश