home page

जल जीवन मिशन घोटाला: एसीबी ने 10 आरोपितों के खिलाफ की चार्जशीट पेश

 | 
जल जीवन मिशन घोटाला: एसीबी ने 10 आरोपितों के खिलाफ की चार्जशीट पेश


जयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, राजस्थान (एसीबी) ने जल जीवन मिशन (जेजेएम) में हुए कथित व्यापक भ्रष्टाचार प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपितों के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट पेश की है।

एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार प्रकरण में विस्तृत अनुसंधान के बाद एसीबी ने जिन आरोपितों के खिलाफ आरोप पत्र प्रस्तुत किया है, उनमें दिनेश गोयल (मुख्य अभियंता प्रशासन), के.डी. गुप्ता (तत्कालीन मुख्य अभियंता ग्रामीण), सुभांशु दीक्षित (तत्कालीन सचिव आरडब्ल्यूएसएसएम), सुशील शर्मा (तत्कालीन वित्तीय सलाहकार, अक्षय ऊर्जा), निरिल कुमार (तत्कालीन मुख्य अभियंता, चूरू), विशाल सक्सेना (अधिशाषी अभियंता, निलंबित), अरुण श्रीवास्तव (अतिरिक्त मुख्य अभियंता, सेवानिवृत्त), डी.के. गौड़ (तत्कालीन मुख्य अभियंता व तकनीकी सदस्य, सेवानिवृत्त), महेंद्र प्रकाश सोनी (अधीक्षण अभियंता, सेवानिवृत्त) और मुकेश पाठक (निजी व्यक्ति) शामिल हैं। सभी आरोपित वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।

एसीबी ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ अभियोजन स्वीकृति प्राप्त करने के लिए संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी, जबकि अन्य संदिग्धों के विरुद्ध अनुसंधान जारी है। वहीं इस मामले में फरार चल रहे आरोपितों—जितेंद्र शर्मा (एक्जीक्यूटिव इंजीनियर), मुकेश गोयल (सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर) और संजीव गुप्ता (निजी व्यक्ति) के खिलाफ जारी स्थायी वारंट की तामील के लिए एसीबी टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही इनकी संपत्तियों का विवरण एकत्र कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है और जल्द ही कुर्की (अटैचमेंट) की कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में एसीबी ने सोमवार को सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल को न्यायालय में पेश किया। सुनवाई के दौरान अनुसंधान अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर शर्मा के पक्ष को सुनने के बाद न्यायालय ने सुबोध अग्रवाल का दो दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया है।

उल्लेखनीय है कि इस बहुचर्चित प्रकरण से संबंधित 11 रिट याचिकाओं पर राजस्थान उच्च न्यायालय में सुनवाई जारी है, जिसकी अगली तारीख 21 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। एसीबी की इस कार्रवाई से प्रशासनिक और तकनीकी महकमे में हड़कंप मच गया है, वहीं आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश