home page

140 करोड़ की लागत से तैयार हुआ हेरिटेज जैसलमेर रेलवे स्टेशन, जल्द होगा लोकार्पण

 | 
140 करोड़ की लागत से तैयार हुआ हेरिटेज जैसलमेर रेलवे स्टेशन, जल्द होगा लोकार्पण


जोधपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी जैसलमेर का रेलवे स्टेशन अब नए और भव्य स्वरूप में यात्रियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित इस स्टेशन का उद्घाटन शीघ्र होने जा रहा है। हेरिटेज वास्तुकला और अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टेशन पश्चिमी राजस्थान की नई पहचान बनने जा रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि जैसलमेर स्टेशन का पुनर्विकास भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। स्टेशन को इस प्रकार विकसित किया गया है कि यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हों। यह स्टेशन प्रतिदिन लगभग 35 हजार यात्रियों को अधिक सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि नया मुख्य स्टेशन भवन जी+2 संरचना में लगभग 8,327 वर्गमीटर क्षेत्र में निर्मित किया गया है। भवन के बाहरी भाग में जैसलमेर के प्रसिद्ध स्वर्णिम पीले पत्थर का उपयोग किया गया है, जिससे स्टेशन को शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप भव्य हेरिटेज स्वरूप मिला है। विशाल प्रवेश एवं निकास द्वार इसकी आकर्षक पहचान को और सशक्त बनाते हैं।

स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए 10 लिफ्ट, 10 एस्केलेटर, प्लेटफॉर्मों को जोडऩे वाले 6 मीटर चौड़ाई के दो फुट ओवरब्रिज, विशाल एयर कॉनकोर्स, आधुनिक प्रतीक्षालय, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, सुव्यवस्थित पार्किंग, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं तथा 480 वर्गमीटर वाणिज्यिक क्षेत्र विकसित किया गया है। तीनों प्लेटफॉर्मों पर 10 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में आधुनिक शेड लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों को हर मौसम में बेहतर सुविधा मिलेगी।

डीआरएम ने बताया कि जैसलमेर स्टेशन का पुनर्विकास केवल आधारभूत ढांचे का विस्तार नहीं, बल्कि पर्यटन, स्थानीय संस्कृति और आधुनिक रेल सेवाओं का समन्वय है। उद्घाटन के बाद यह स्टेशन देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए जैसलमेर की भव्यता का पहला परिचय बनेगा और उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख आधुनिक स्टेशनों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश