स्वतंत्रता दिवस और तीज सवारी पर बदलेगी जयपुर की ट्रैफिक व्यवस्था
जयपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह और तीज माता की ऐतिहासिक शाही सवारी को देखते हुए जयपुर यातायात पुलिस ने शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। 15 अगस्त को चौगान स्टेडियम में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह होगा, जबकि 15 और 16 अगस्त को शाम 6 बजे से सिटी पैलेस से तीज माता की सवारी निकलेगी। इसके चलते परकोटा क्षेत्र में यातायात डायवर्जन, नो-पार्किंग और बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वीआईपी वाहनों की पार्किंग चौगान स्टेडियम के वीआईपी गेट के सामने और आगे खाली सड़क पर होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल छात्र-छात्राओं की बसें तालकटोरा रोड के दोनों ओर एक लेन में पार्क कराई जाएंगी। स्कूली बच्चों को गंगौरी गेट से यू-टर्न कर निर्धारित पिकअप-ड्रॉप प्वाइंट पर उतारने के बाद बसें रामनिवास बाग में पार्क होंगी। आमजन के वाहनों के लिए चौगान स्टेडियम की अंडरग्राउंड और नगर निगम पार्किंग निर्धारित की गई है।
किशनपोल बाजार, गंगौरी बाजार, चांदपोल बाजार, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार और चौगान स्टेडियम के आसपास मुख्य मार्गों पर वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। छोटी चौपड़, ब्रह्मपुरी बस स्टैंड/लंगर के बालाजी तथा सांगानेरी गेट, रामगंज चौपड़, सुभाष चौक और त्रिपोलिया टी-पॉइंट से बड़ी चौपड़ की ओर आने वाले यातायात को जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
वहीं 15 और 16 अगस्त को शाम 6 बजे तीज माता की सवारी के दौरान पूरे परकोटा क्षेत्र में बस, मिनी बस और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुराने पुलिस मुख्यालय के पीछे और जलेब चौक से सिटी पैलेस की ओर सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। आतिश मार्केट, सार्दुल सिंह की नाल और चीनी की बुर्ज की ओर से भी सिटी पैलेस व आतिश बाजार की तरफ वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। त्रिपोलिया गेट से छोटी चौपड़, गंगौरी बाजार, चौगान स्टेडियम और तालकटोरा रोड पर दोपहर 3 बजे से नो-पार्किंग लागू रहेगी।
इसके अलावा रामनिवास बाग और न्यूगेट चौपड़ से चौड़ा रास्ता की ओर जाने वाले यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। बड़ी चौपड़ से त्रिपोलिया की ओर आने वाले वाहनों को बड़ी चौपड़ से ही डायवर्ट किया जाएगा। सवारी के त्रिपोलिया से आगे बढ़ने के बाद चौड़ा रास्ता से आने वाले यातायात को बड़ी चौपड़ की ओर मोड़ा जाएगा।
सवारी के आगे बढ़ने के साथ अजमेरी गेट, संजय सर्किल और चौगान चौराहे से छोटी चौपड़ की ओर आने वाला यातायात तथा बारह भाइयों का चौराहा, लंगर के बालाजी और ब्रह्मपुरी बस स्टैंड से चौगान चौराहे की ओर आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। पौंड्रिक पार्क की ओर से तालकटोरा रोड जाने वाला यातायात भी डायवर्ट रहेगा।
यातायात पुलिस के अनुसार एंबुलेंस और अन्य आवश्यक आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को आवागमन में छूट रहेगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आयोजन के दौरान निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और जाम व असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

