जयपुर ट्रैफिक पुलिस में फेरबदल करते हुए 21 निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले
जयपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। गुलाबी नगरी की यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारु और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जयपुर ट्रैफिक पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जयपुर पुलिस कमिश्नर की स्वीकृति के बाद डीसीपी ट्रैफिक योगेश गोयल ने स्थानांतरण आदेश जारी करते हुए 21 पुलिस निरीक्षकों के कार्यक्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से बदलाव किया है।
फेरबदल का उद्देश्य शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में बेहतर निगरानी, चारों यातायात जिलों (उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम) में समन्वय बढ़ाना तथा ट्रैफिक जाम की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण करना बताया गया है।
डीसीपी ट्रैफिक योगेश गोयल की ओर से जारी आदेश के अनुसार पूर्व जिले में प्रहलाद नारायण को सांगानेर, मालपुरा गेट, प्रताप नगर और रामनगरिया, विष्णु शर्मा को जवाहर सर्किल, एयरपोर्ट, मालवीय नगर, बजाज नगर और खो-नागोरियान, इंद्रा अहलावत को एसएमएस, मोतीडूंगरी, लालकोठी और गांधीनगर, दुर्गा प्रसाद को आदर्श नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, जवाहर नगर और जामडोली तथा अरुण कुमार को कानोता, बस्सी और तूंगा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं दक्षिण जिले में अशोक कुमार को अशोक नगर, ज्योति नगर और विधायकपुरी, प्रेमचंद को सोडाला, महेश नगर और श्याम नगर, राकेश यादव को मानसरोवर, शिप्रापथ और मुहाना तथा राजकिरण को सांगानेर सदर, शिवदासपुरा, चाकसू और कोटखावदा क्षेत्र का जिम्मा दिया गया है।
इधर पश्चिम जिले में सम्पत राज को सदर, सिंधी कैम्प और बनीपार्क, राजेन्द्र सिंह को कालवाड़, करधनी, झोटवाड़ा और मुरलीपुरा, विजेन्द्र सिंह पुनिया को चौमूं, दौलतपुरा, हरमाड़ा और विश्वकर्मा, भंवर लाल को वैशाली नगर, करनी विहार, चित्रकूट और बिंदायका तथा सुरेश सिंह को भांकरोटा, सेज और बगरू क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके साथ ही पुलिस लाइन और कार्यालय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए रामकृपाल मीणा को पुलिस निरीक्षक (शिक्षा), श्रीराम मीणा को पुलिस निरीक्षक (प्रशासन) तथा रोहिताश मीणा को पुलिस निरीक्षक (रिजर्व) नियुक्त किया गया है।
पुलिस मुख्यालय ने स्थानांतरित सभी निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से नए कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। विभाग का मानना है कि इस फेरबदल से शहर के व्यस्त चौराहों पर यातायात प्रबंधन बेहतर होगा और आमजन को जाम से राहत मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

