home page

दीपावली के बाद जयपुर में उमड़े सैलानी: आमेर-हवामहल और नाहरगढ़ में बढ़ी पर्यटकों की भीड़

 | 
दीपावली के बाद जयपुर में उमड़े सैलानी: आमेर-हवामहल और नाहरगढ़ में बढ़ी पर्यटकों की भीड़


दीपावली के बाद जयपुर में उमड़े सैलानी: आमेर-हवामहल और नाहरगढ़ में बढ़ी पर्यटकों की भीड़


जयपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। दीपावली का त्योहार मनाने के बाद अब लोग परिवार के साथ घूमने निकल रहे हैं। इसका असर गुलाबी नगरी के पर्यटन स्थलों पर साफ नजर आने लगा है। गोवर्धन पूजा के दिन मंगलवार को शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों आमेर महल, हवामहल और नाहरगढ़ दुर्ग में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। खास बात यह रही कि विदेशी पर्यटकों के मुकाबले घरेलू पर्यटकों की संख्या अधिक रही। पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही का असर होटल कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है।

हवामहल में मंगलवार दोपहर तक करीब सात हजार पर्यटक पहुंच चुके थे, जबकि सोमवार को यहां पर्यटकों की संख्या करीब छह हजार रही थी। इस तरह एक ही दिन में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकारियों के अनुसार दिन के शेष समय में भी बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना थी।

आमेर महल अधीक्षक राकेश छोलक ने बताया कि मंगलवार को अब तक करीब साढ़े सात हजार पर्यटक महल देखने पहुंच चुके थे। सोमवार को शाम पांच बजे तक 8200 पर्यटकों ने आमेर महल का भ्रमण किया था। पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए मंगलवार को महल रात आठ बजे तक खुला रखा गया, ताकि अधिक से अधिक सैलानी भ्रमण कर सकें। घरेलू पर्यटकों की संख्या सबसे अधिक आमेर महल पहुंचने वालों में रही।

नाहरगढ़ दुर्ग अधीक्षक सोहन चौधरी ने बताया कि पिछले तीन दिनों से पर्यटकों को शाम पांच बजे तक ही प्रवेश दिया जा रहा था। मंगलवार से नियमित रूप से शाम साढ़े छह बजे तक प्रवेश की व्यवस्था की गई। दीपावली के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक नाहरगढ़ दुर्ग देखने पहुंच रहे हैं।

ट्रैवल विशेषज्ञ संजय कौशिक के अनुसार दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्यप्रदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक राजस्थान पहुंचे हैं। गुजरात से आने वाले पर्यटकों की पसंद में माउंट आबू और उदयपुर प्रमुख हैं। जयपुर की रोशनी और सजावट देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग शहर पहुंच रहे हैं। सोशल मीडिया पर जयपुर की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने से भी पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने बताया कि विदेशी पर्यटकों की संख्या अभी अधिक नहीं है, लेकिन घरेलू पर्यटकों की आवाजाही तेजी से बढ़ी है।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर होटल कारोबार पर भी दिखाई दे रहा है। दीपावली के बाद जयपुर के बड़े होटलों से लेकर बजट श्रेणी के होटलों तक में बुकिंग बढ़ी है। होटल कारोबार से जुड़े प्रतिनिधियों के अनुसार त्योहार के बाद परिवारों के साथ घूमने आने वाले पर्यटकों के कारण कमरों की मांग में इजाफा हुआ है। हालांकि, सभी होटलों के पूरी तरह हाउसफुल होने की स्थिति नहीं है। बुकिंग में सुधार जरूर हुआ है, लेकिन अभी इसे पूरी तरह हाउसफुल नहीं कहा जा सकता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश