home page

महाप्रबंधक ने जयपुर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों का किया निरीक्षण

 | 
महाप्रबंधक ने जयपुर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों का किया निरीक्षण


जयपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने बुधवार को जयपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भूपेश यादव ने बताया कि जयपुर रेलवे स्टेशन का लगभग 717 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जा रहा है। परियोजना के तहत स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त विश्वस्तरीय परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। वर्तमान में निर्माण कार्य निर्धारित योजना के अनुसार तेज गति से जारी है। उन्होंने बताया कि परियोजना के अंतर्गत आधुनिक स्टेशन भवन, विशाल एयर कॉन्कोर्स, अत्याधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, 30 लिफ्ट, 18 एस्केलेटर, उन्नत यात्री सूचना प्रणाली, आधुनिक शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पर्याप्त पार्किंग तथा सुगम आवागमन की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। साथ ही स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण और अन्य आधारभूत ढांचे का भी उन्नयन किया जा रहा है।महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने कहा कि पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बाद जयपुर रेलवे स्टेशन आधुनिक, अधिक सक्षम और यात्री-अनुकूल स्टेशन के रूप में विकसित होगा, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन के द्वितीय प्रवेश (सेकेंड एंट्री) का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और इसे शीघ्र ही आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्य और द्वितीय प्रवेश को जोड़ने के लिए 108×95 मीटर क्षेत्रफल का लगभग 10,260 वर्गमीटर का एयर कॉन्कोर्स तैयार किया जा रहा है, जिसका अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना के तहत तीन नए फुट ओवर ब्रिज बनाए जा रहे हैं। इनमें दौसा साइड का छह मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज यात्रियों के लिए शुरू किया जा चुका है, जबकि सीकर साइड का फुट ओवर ब्रिज निर्माणाधीन है। मुख्य प्रवेश द्वार पर भी संरचनात्मक कार्य जारी है।द्वितीय प्रवेश पर तीन मंजिला भवन का निर्माण किया गया है, जिसमें आगमन-प्रस्थान लॉबी, वेस्टिब्यूल, बैगेज स्कैनर सहित सुरक्षा जांच क्षेत्र, हेल्प डेस्क, प्रस्थान हॉल, प्रतीक्षालय, रिटेल स्टॉल, मॉड्यूलर शौचालय, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां पार्सल कार्यालय, लिनेन रूम, मजिस्ट्रेट कार्यालय सहित अन्य कार्यालय भी संचालित किए जा रहे हैं। परियोजना में पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। स्टेशन पर ग्रीन बिल्डिंग अवधारणा के अनुरूप रेन वाटर हार्वेस्टिंग, कचरा प्रबंधन तथा 2050 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जाएगा, जिससे ऊर्जा खपत में कमी लाने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश