home page

अलवर दौरे पर जयपुर रेंज आईजी- घटनास्थलों का निरीक्षण, लंबित मामलों की समीक्षा बैठक, व्यापारियों से भी मिले

 | 
अलवर दौरे पर जयपुर रेंज आईजी- घटनास्थलों का निरीक्षण, लंबित मामलों की समीक्षा बैठक, व्यापारियों से भी मिले


अलवर दौरे पर जयपुर रेंज आईजी- घटनास्थलों का निरीक्षण, लंबित मामलों की समीक्षा बैठक, व्यापारियों से भी मिले


अलवर, 11 जुलाई (हि.स.)। जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश शनिवार को अलवर दौरे पर रहे। दौरे के दौरान उन्होंने हाल ही में हुई घटनाओं के संबंध में पुलिस अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली, पीड़ितों से मुलाकात की तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। उनके अलवर पहुंचने के कुछ समय बाद ही सदर थाना क्षेत्र के बुर्जा स्थित पेट्रोल पंप पर फायरिंग की घटना हो गई, जिसके बाद आईजी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से मामले की जानकारी ली।

प्रेस वार्ता में आईजी राहुल प्रकाश ने कहा कि उनका यह रूटीन विजिट है। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग पांच वर्ष पुराने लंबित प्रकरणों, फरार अपराधियों, गंभीर अपराधों की जांच तथा अपराध नियंत्रण से जुड़े विषयों पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। बैठक में लंबित मुकदमों के शीघ्र निस्तारण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष रणनीति पर चर्चा हुई।

आईजी ने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए जिले में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की भी समीक्षा की गई है। खराब कैमरों को दुरुस्त करने और आधुनिक फीचर्स वाले कैमरों को शामिल करने पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि निगरानी व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके।

अलवर में गोतस्करी के सवाल पर आईजी ने कहा कि एसपी सुधीर चौधरी इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर रहे हैं और इसे प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और भविष्य में भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

आईजी ने कहा कि जब वे पहले अलवर में कार्यरत थे, तब जिले में अपराध की स्थिति अधिक चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन वर्तमान में पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराध नियंत्रण की स्थिति बेहतर हुई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रात 8 बजे के बाद अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आईजी राहुल प्रकाश से शहर के व्यापारियों ने भी मुलाकात की। व्यापारियों ने कानून-व्यवस्था, बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात और अन्य प्रमुख समस्याओं को उनके समक्ष रखा। साथ ही व्यापारियों ने बाजार क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की, जिस पर आईजी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया।

स्वतंत्रता गौरव उत्सव समिति के अध्यक्ष गौरीशंकर विजय के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने आईजी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान समिति ने शहीद स्मारक पर आयोजित होने वाले 15 अगस्त के कार्यक्रम का पोस्टर विमोचन करवाया और आईजी राहुल प्रकाश को कार्यक्रम में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। समिति ने बताया कि शहीद स्मारक पर प्रतिवर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वीर शहीदों की स्मृति में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। आईजी की प्रेस वार्ता के दौरान एसपी सुधीर चौधरी, एडिशनल एसपी दीपक शर्मा, सीओ सिटी अंगद शर्मा सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार