home page

राजस्थान के जयपुर में सबसे गर्म रही रात, अगले तीन दिन हीटवेव का अलर्ट

 | 
राजस्थान के जयपुर में सबसे गर्म रही रात, अगले तीन दिन हीटवेव का अलर्ट


जयपुर, 20 मई (हि.स.)। राजस्थान में गर्मी और लू का असर लगातार तेज होता जा रहा है। सिरोही को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के जिलों में हीटवेव का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला, वहीं पूर्वी राजस्थान भी तेज गर्मी से बेहाल रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक भीषण गर्मी और लू का दौर जारी रहने की चेतावनी दी है। बुधवार के लिए दो जिलों में ऑरेंज और 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान चित्तौड़गढ़ में 46.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा श्रीगंगानगर में 45.9, अलवर में 45.8, पिलानी में 45.3, कोटा में 44.4 तथा चूरू और फलोदी में 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इन जिलों में सुबह से देर शाम तक लू के थपेड़ों ने लोगों को परेशान किया।

पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर में 43.9, बाड़मेर में 43.5, बीकानेर में 43.8 और फतेहपुर में 43.5 डिग्री तापमान रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिनों तक तापमान में विशेष राहत मिलने की संभावना नहीं है।

राजधानी जयपुर में लगातार दूसरे दिन लू चली। शहर का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 31.3 डिग्री मापा गया। यह बाड़मेर और जैसलमेर जैसे रेगिस्तानी इलाकों से भी अधिक रहा।

गर्म रात के कारण लोगों को राहत नहीं मिल सकी। भीषण गर्मी के बीच जयपुर जू में जानवरों और पक्षियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। एमू के बाड़े में कूलर और वाटर स्प्रिंकलर लगाए गए।

उदयपुर में तापमान में हल्की गिरावट आ गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.7 और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री रहा। इसके बावजूद दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।

अजमेर में दिन के साथ रातें भी गर्म हो गई हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.8 और न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री रहा। उमस और गर्म हवाओं से राहत दिलाने के लिए नगर निगम और फायर ब्रिगेड की ओर से शहर की सड़कों पर पानी का छिड़काव किया गया।

मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।

सीकर सहित पूरे शेखावाटी क्षेत्र में पिछले छह दिनों से भीषण गर्मी का दौर जारी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री और न्यूनतम 25.9 डिग्री सेल्सियस मापा गया। लू और तेज धूप के कारण सड़कों पर आवाजाही कम रही और लोग चेहरे ढककर घरों से बाहर निकले।

जोधपुर में मंगलवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग ने यहां अगले तीन दिन हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित