पर्यावरण संरक्षण के लिए जयपुर पुलिस की अनूठी पहल: साइकिल से किया रात्रि गश्त
जयपुर, 15 मई (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जयपुर पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए शुक्रवार रात साइकिल रैली एवं रात्रि गश्त अभियान का आयोजन किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने साइकिल के माध्यम से शहर में गश्त कर आमजन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि बढ़ते प्रदूषण और ऊर्जा संकट को देखते हुए पुलिस विभाग द्वारा यह पहल की गई है, ताकि लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि साइकिल का उपयोग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि इससे ईंधन की बचत और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलती है।
इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह शेखावत, एडीसीपी नीरज पाठक, पीयूष कविया, एसएचओ राकेश ख्यालिया, राजेश गौतम संबंधित एसीपी, थानाधिकारी एवं पुलिस के जवान मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में साइकिल से भ्रमण कर कानून व्यवस्था का जायजा भी लिया।
अभियान के दौरान आमजन ने जयपुर पुलिस की इस पहल की सराहना की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से दैनिक जीवन में अधिक से अधिक साइकिल के उपयोग का आह्वान किया, ताकि स्वच्छ और हरित जयपुर के निर्माण में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

