जयपुर पुलिस में फिर फेरबदल: चार निरीक्षकों को मिली नई जिम्मेदारी
जयपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस निरीक्षकों के तबादलों को लेकर शनिवार को एक बार फिर आदेश जारी किए गए। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने 15 जुलाई 2026 को जारी तबादला सूची में आंशिक संशोधन करते हुए चार पुलिस निरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। वहीं चार निरीक्षकों के स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार वंदना नरूला, जिन्हें पूर्व में सेज थाना, जयपुर पश्चिम के लिए स्थानांतरित किया गया था, अब थानाधिकारी सिंधी कैंप नियुक्त की गई हैं।
इसी प्रकार धर्मेन्द्र कुमार शर्मा, जिन्हें बस्सी थानाधिकारी से सिंधी कैंप भेजा गया था, अब उन्हें अपराध सहायक, जयपुर पश्चिम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कृष्ण कुमार, जिन्हें सुभाष चौक से चाकसू थानाधिकारी बनाया गया था, अब थानाधिकारी विधायकपुरी, जयपुर दक्षिण नियुक्त किए गए हैं। वहीं नरेन्द्र कुमार जो विधायकपुरी थानाधिकारी थे, उन्हें थानाधिकारी हरमाड़ा जयपुर पश्चिम लगाया गया है।
इसके अलावा पुलिस आयुक्त द्वारा जारी आदेश के तहत पूर्व में जारी स्थानांतरण सूची में शामिल चार पुलिस निरीक्षकों के तबादले निरस्त कर दिए गए हैं। इनमें मनोहर लाल, महेश चंद शर्मा, उदय सिंह शेखावत और मनफूल सिंह शामिल हैं। अब ये सभी अधिकारी अपने पूर्व पदस्थापन पर ही कार्यरत रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

