जयपुर नगर निगम के 150 वार्डाें की लाॅटरी निकाली, 94 वार्ड अनारक्षित,50 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित
जयपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के आरक्षण की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है। सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में लॉटरी के माध्यम से वार्डों का आरक्षण निर्धारित किया गया। जिला कलेक्टर संदेश कुमार नायक की मौजूदगी में स्कूली छात्राओं से लॉटरी निकलवाई गई। इस दौरान विधायक कालीचरण सराफ, स्थानीय जनप्रतिनिधि और नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। लॉटरी प्रक्रिया के साथ ही लंबे समय से आरक्षण को लेकर चल रहा असमंजस भी खत्म हो गया।
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों की लॉटरी में 20 वार्ड अनुसूचित जाति (एससी), 6 वार्ड अनुसूचित जनजाति (एसटी) और 30 वार्ड अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित किए गए हैं बाकी 94 वार्ड अनारक्षित रहे। हालांकि इनमें महिलाओं के भी वार्ड आरक्षित किए गए हैं,जिनमें अनुसूचित जाति (एससी महिला) के 7 वार्ड, अनुसूचित जनजाति (एसटी महिला) के 2 वार्ड और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी महिला) के लिए 10 वार्ड आरक्षित किए गए हैं। बाकी अनारक्षित रहे वार्डों में 31 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इस तरह कुल 150 वार्डों में से 50 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।
नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने कहा कि वार्ड आरक्षण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई है। वहीं जो पूर्व पार्षद दोबारा चुनावी मैदान में उतरना चाहते हैं उन्हें निगम से एनओसी लेनी होगी। उनके लिए एनओसी की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। वहीं जयपुर नगर निगम की लॉटरी प्रक्रिया संपन्न होने के बाद विधायक कालीचरण सराफ ने कहा कि वार्डों के आरक्षण की तस्वीर साफ होने के बाद अब चुनावी तैयारियां तेज होंगी। उन्होंने कहा कि निगम चुनाव में पार्टी की ओर से जिताऊ उम्मीदवारों को मैदान में उतारा जाएगा।
बहरहाल, आरक्षण की लॉटरी के बाद सबसे बड़ा असर उन पूर्व पार्षदों और संभावित दावेदारों पर पड़ेगा, जो लंबे समय से अपने-अपने वार्ड से चुनाव की तैयारी कर रहे थे, जिन वार्डों की श्रेणी बदल गई है, वहां कई दावेदारों को अब दूसरे वार्ड से चुनाव लड़ने की संभावनाएं तलाशनी पड़ सकती हैं। वहीं जिन वार्डों का आरक्षण उनकी उम्मीद के मुताबिक आया है, वहां दावेदारों की सक्रियता और बढ़ने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

