home page

जयपुर निगम चुनाव पूरी ताकत और दमखम से लड़ेगी आम आदमी पार्टी

 | 
जयपुर निगम चुनाव पूरी ताकत और दमखम से लड़ेगी आम आदमी पार्टी


जयपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आप) ने राजस्थान में होने वाले आगामी नगर निगम चुनाव पूरी ताकत और संगठनात्मक मजबूती के साथ लड़ने की घोषणा की है। पार्टी की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कीर्ति पाठक ने मंगलवार को जयपुर स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं,बल्कि नगर निगमों में ईमानदार, पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन स्थापित करना है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रत्येक वार्ड में स्थानीय समस्याओं, जनसुविधाओं और विकास के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी तथा स्वच्छ छवि और जनता के बीच सक्रिय उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारेगी। इसके लिए प्रदेशभर में संगठन को वार्ड स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाकर पार्टी की नीतियों और कार्यों को जनता तक पहुंचाने तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

इस अवसर पर जयपुर जिला अध्यक्ष अमित दाधीच ने कहा कि जयपुर सहित पूरे प्रदेश में संगठन चुनावी तैयारियों में जुट चुका है। प्रत्येक वार्ड और बूथ स्तर पर संगठन का विस्तार किया जा रहा है तथा जनसमस्याओं के समाधान को लेकर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के विश्वास, ईमानदार राजनीति और विकास के एजेंडे के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। नगर निगमों में पारदर्शी प्रशासन स्थापित करना, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना तथा सड़क, सफाई, पेयजल, सीवरेज, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना पार्टी की प्राथमिकता रहेगी।

आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों से बूथ एवं वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करते हुए आगामी नगर निगम चुनाव में पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश