home page

जयपुर में वार्डवार स्वच्छता उत्सव, विशेष सफाई अभियान चलाएगा नगर निगम

 | 
जयपुर में वार्डवार स्वच्छता उत्सव, विशेष सफाई अभियान चलाएगा नगर निगम


जयपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर शहर के सभी जोन और वार्डों में नगर निगम की ओर से “स्वच्छता ही सेवा-2026” और “विकसित भारत जन सेवा अभियान” के तहत “वार्डवार स्वच्छता उत्सव” आयोजित किया जाएगा। महापौर सुनील कोठारी के निर्देश पर होने वाले अभियान में वार्ड स्तर पर विशेष सफाई के साथ अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को भी चिन्हित कर कराया जाएगा।

अभियान के तहत संबंधित जोन के उपायुक्त अपने-अपने वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करेंगे। गलियों, सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और चिन्हित स्थानों की सफाई के लिए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सफाईकर्मी और यांत्रिक संसाधन लगाए जाएंगे। प्रमुख मार्गों, डिवाइडर और मीडियन तथा सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष सफाई की जाएगी।

नगर निगम के अनुसार अभियान में ऐसे स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां लंबे समय से कचरा जमा है। जीवीपी (गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट) और अन्य गंदगी वाले स्थानों से कचरा उठाने के साथ वार्डों में पड़े सीएंडडी (निर्माण एवं विध्वंस) कचरे को भी हटाया जाएगा। अभियान के दौरान सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पार्कों के रखरखाव और मैनहोल से संबंधित समस्याओं का भी चिन्हीकरण किया जाएगा। अभियान शुरू होने से पहले संबंधित स्थलों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। किए गए कार्यों का रिकॉर्ड रखने के लिए सफाई से पहले और बाद की फोटो या वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

नगर निगम ने अभियान की नियमित निगरानी के लिए वार्ड स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने की बात कही है। संबंधित अधिकारी अभियान के दौरान सफाई कार्यों का निरीक्षण और मॉनिटरिंग करेंगे।ए नगर निगम ने शहरवासियों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने की अपील की है। निगम का कहना है कि जनभागीदारी से जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के प्रयासों को गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश