जयपुर ज्वैलरी शो में 15 हजार से अधिक ट्रेड बायर्स पहुंचे
जयपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर (जेएएस) की ओर से आयोजित तीन दिवसीय ज्वैलरी शो-2026 का रविवार को समापन हुआ। आयोजन में देश-विदेश के 15 हजार से अधिक ट्रेड बायर्स, जेम्स एवं ज्वेलरी उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों और कंपनियों के अधिकारियों ने भाग लिया।
ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर के अध्यक्ष राजू मंगोड़ी वाला ने कहा कि यह शो जयपुर के जेम्स एवं ज्वैलरी कारोबार को नई दिशा देने के साथ भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार करेगा। उन्होंने बताया कि पहली बार दुबई और शारजाह से करीब एक लाख करोड़ रुपये की नेटवर्थ वाले उद्योगपतियों ने शो में भाग लिया। इस दौरान जयपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन और दुबई ज्वैलरी ग्रुप के बीच द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने के लिए एमओयू भी किया गया। उन्होंने कहा कि सभी प्रदर्शकों को बेहतर व्यापारिक अवसर मिले, जो आयोजन का प्रमुख उद्देश्य था।
एसोसिएशन के सचिव अजय गोधा ने बताया कि शो में सोने, हीरे, कुंदन, पोल्की, जड़ाऊ, चांदी, रंगीन रत्नों और आधुनिक डिजाइनों की ज्वैलरी के साथ जयपुरी आभूषणों की उत्कृष्ट शिल्पकला का प्रदर्शन किया गया। देश-विदेश से आए खरीदारों ने जयपुर की ज्वैलरी और तराशे हुए रत्नों को सराहा।
जस-2026 के संयोजक अशोक माहेश्वरी ने बताया कि बी-टू-बी नेटवर्किंग के माध्यम से खरीदारों और विक्रेताओं के बीच नए व्यावसायिक संपर्क स्थापित हुए तथा व्यापार को लेकर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष जास-2027 का आयोजन 2 से 5 जुलाई तक चार दिनों के लिए किया जाएगा। यह शो जेईसीसी के दोनों हॉल में आयोजित होगा तथा बूथों की संख्या भी लगभग दोगुनी की जाएगी।
इस समापन अवसर पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष गोविंद प्रकाश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष गोविंद कुमार गुप्ता, संयुक्त मंत्री महावीर कुमार गुप्ता, सहसंयोजक अनिल तांबी, सहसंयोजक एवं समन्वयक नरेश अग्रोया सहित पदाधिकारियों ने प्रदर्शकों, ट्रेड बायर्स और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

