जयपुर के दड़ा मार्केट में चार दुकानों में आग, तीन घंटे बाद पाया काबू
जयपुर, 08 नवंबर (हि.स.)। जयपुर के परकोटे में हल्दियों का रास्ता स्थित दड़ा मार्केट के कानोता कॉम्प्लेक्स में शनिवार रात चार दुकानों में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते ग्राउंड फ्लोर की दो और फर्स्ट फ्लोर की दो दुकानों को चपेट में ले लिया। दमकल की छह गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद रात 12 बजे के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना रात करीब नौ बजे की है। जानकारी के अनुसार संबंधित दुकानें व्यापारी सुरेश इसरानी की हैं। दिवाली की तैयारियों के बीच वे रात करीब आठ बजे दुकानें बंद कर घर चले गए थे। इसके करीब एक घंटे बाद दुकानों में आग लग गई। कपड़ों का कारोबार होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते ऊपर की दो दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और माणक चौक थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। संकरी गलियों के कारण बड़ी दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई। इसके बाद छोटी दमकल गाड़ियां भी बुलाई गईं। एहतियात के तौर पर बाजार बंद करवाया गया और इलाके की बिजली आपूर्ति रोक दी गई।
कॉम्प्लेक्स में दोपहिया वाहन और गैस सिलेंडर भी मौजूद थे। ऐसे में आग के दौरान बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। दमकलकर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का काम शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद इस पर काबू पाया।
आग की सूचना पर महापौर सुनील कोठारी भी मौके पर पहुंचे और प्रभावित दुकानों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। कॉम्प्लेक्स की छत पट्टियों से बनी होने के कारण आग ऊपर की दुकानों तक फैल गई। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी और जांच में किसी की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई होगी।
एडिशनल डीसीपी नॉर्थ फर्स्ट आलोक कुमार सिंघल ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही बड़ी चौपड़ पर तैनात दमकल वाहन को मौके पर भेजा गया था। संकरा रास्ता होने के कारण छोटी दमकल गाड़ियों की मदद भी ली गई। करीब तीन घंटे बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। आग लगने के कारणों और दुकानों में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कॉम्प्लेक्स तीन मंजिला है और प्रत्येक मंजिल पर करीब 10 से 12 दुकानें हैं। परिसर में अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की बात भी सामने आई है। आग लगने के कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारीक

