दीपावली पर जयपुर डेयरी बेचेगी 100 टन मिठाइयां
जयपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर मिठाइयों की मांग को देखते हुए जयपुर डेयरी ने इस बार 100 टन मिठाइयों की बिक्री का लक्ष्य रखा है। पिछले साल डेयरी ने 33 टन मिठाइयां बेची थीं। इस बार उपभोक्ताओं के लिए सरस घी से तैयार काजू कतली और बूंदी के लड्डू भी बाजार में उतारे गए हैं। ये मिठाइयां शहर के प्रमुख सरस बूथों और पार्लरों पर उपलब्ध रहेंगी।
जयपुर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के प्रबंध संचालक मनीष फौजदार ने बताया कि उपभोक्ताओं को उचित कीमत पर शुद्ध और गुणवत्तायुक्त मिठाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष रेंज तैयार की गई है। काजू कतली 500 ग्राम और एक किलो के पैक में मिलेगी। इसकी कीमत क्रमश: 500 और 1000 रुपए रखी गई है। वहीं, बूंदी के लड्डू 500 ग्राम के पैक में 200 रुपए में उपलब्ध होंगे।
मिठाइयों की बिक्री के लिए जयपुर डेयरी ने 100 विशेष बूथ तैयार किए हैं। इनकी सूची डेयरी की वेबसाइट jaipurdairy.com पर उपलब्ध है। थोक में मिठाइयां मंगवाने के लिए उपभोक्ता 0141-2713670 पर संपर्क कर सकते हैं।
काजू कतली और बूंदी के लड्डुओं के अलावा डेयरी की ओर से गुलाब जामुन, रसगुल्ला, पेड़ा, खोआ (मावा) और सोनपापड़ी भी उपलब्ध कराई जाएगी। दीपावली पर उपहार देने के लिए पांच तरह के पैक तैयार किए गए हैं।
पहले पैक में 500 ग्राम रसगुल्ला, 500 ग्राम गुलाब जामुन, 400 ग्राम सोनपापड़ी, 500 ग्राम सरस पेड़ा और फ्लेवर्ड मिल्क के छह कैन शामिल हैं। इसकी कीमत 1150 रुपए है। दूसरे पैक में एक किलो रसगुल्ला और एक किलो गुलाब जामुन 475 रुपए में तथा तीसरे पैक में दोनों मिठाइयों के 500-500 ग्राम के पैक 260 रुपए में मिलेंगे।
चौथे पैक में एक किलो रसगुल्ला, एक किलो गुलाब जामुन, 400 ग्राम सोनपापड़ी, 500 ग्राम सरस पेड़ा और 500 ग्राम कलाकंद शामिल हैं। इसकी कीमत 1120 रुपए रखी गई है। पांचवें पैक में फ्लेवर्ड मिल्क के छह कैन, कोल्ड कॉफी के तीन कैन, 100 ग्राम के तीन मैंगो श्रीखंड और 100 ग्राम के तीन केसर-पिस्ता श्रीखंड शामिल हैं। इसकी कीमत 530 रुपए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

