जयपुर में छठ महापर्व की धूम: अस्ताचलगामी सूर्य को अर्पित किया पहला अर्घ्य
जयपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार को जयपुर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। शहर के विभिन्न घाटों और पूजा स्थलों पर व्रती महिलाओं और पुरुषों ने अस्ताचलगामी सूर्य देव को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के मूल निवासी परिवारों सहित सैकड़ों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। व्रती महिलाओं ने कमर भर पानी में खड़े होकर पश्चिम दिशा की ओर मुख करके सूर्य देव की आराधना की। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
छठ महापर्व के अवसर पर डाला छठ पूजा समिति की ओर से सोडाला स्थित स्वेज फार्म के मंदिर प्रांगण में विशेष आयोजन किया गया। यहां व्रतधारियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा की। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में एजुकेशन आईएचआरएसजेओ और एसीएफओआई सोशल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्रजेश पाठक ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति और लोक आस्था का अत्यंत पवित्र पर्व है। यह भगवान सूर्य के प्रति कृतज्ञता, प्रकृति के सम्मान तथा परिवार की सुख-समृद्धि और समाज की खुशहाली का संदेश देता है। छठ व्रत कठिन तपस्या, अनुशासन, स्वच्छता और अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। इस अवसर पर वार्ड पार्षद प्रतिभा शर्मा, आईएचआरएसजेओ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज सिंह, अशोक कनौजिया, परमात्मा पांडे, मनोज कुमार और महेश शर्मा सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। डाला छठ पूजा समिति की ओर से आयोजन की व्यवस्थाएं संभाली गईं।
श्रद्धालुओं ने पूजा की थालियों और सूप में केला, गन्ना, कच्ची हल्दी, अदरक, मूली, सेब, संतरा, गागर नींबू, नाशपाती, नारियल, केराव, कच्चा चावल, सूथनी, पानी फल और ठेकुआ सहित पारंपरिक पूजन सामग्री सजाई। दीपक जलाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया गया। जैसे ही सूर्यास्त के समय क्षितिज पर लालिमा दिखाई दी, श्रद्धालुओं में उत्साह और उल्लास छा गया। व्रती महिलाओं ने 36 घंटे का निर्जला और निराहार उपवास रखा है।
बिहार समाज संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुरेश पंडित ने बताया कि बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु संध्या अर्घ्य देने पहुंचे। घाट पर बिहार समाज संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के सहयोग से व्यवस्थाएं संभालीं। दूरदराज से आए कुछ श्रद्धालु अर्घ्य देने के बाद अपने घर लौट गए, जबकि कई श्रद्धालु सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाट पर ही रुके।
जयपुर में छठ पूजा का मुख्य आयोजन गलता जी तीर्थ पर हुआ। इसके अलावा शास्त्री नगर के पुराने किशन बाग, हसनपुरा स्थित एनबीसी क्वार्टर के पीछे दुर्गा विस्तार कॉलोनी सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने सूर्य देव को अर्घ्य दिया। इनमें बाइस गोदाम, सुशीलपुरा-सोडाला, मुरलीपुरा, वीकेआई, बनीपार्क, रॉयल सिटी माचवा, किशन बाग, शास्त्री नगर, विद्याधर नगर, जगतपुरा, मालवीय नगर, आमेर मावटा, विश्वकर्मा, गुर्जर की थड़ी, दिल्ली रोड, 52 फुट हनुमानजी मंदिर के सामने लालसोट धाम, बड़ोदिया बस्ती, मानसरोवर और मुहाना मंडी सहित अनेक स्थान शामिल रहे।
बिहार समाज संगठन के महामंत्री चंदन कुमार मंडल ने बताया कि आयोजन के दौरान महागंगा आरती की गई। मैथिली और भोजपुरी गीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो गया। महिला समूहों ने 'कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगिया लचकते जाए' और 'मारबो रे सुगवा धनुष से' जैसे पारंपरिक छठ गीत प्रस्तुत किए। बच्चों और युवाओं ने आतिशबाजी कर पर्व की खुशियां मनाईं।
समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन शर्मा ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में आमंत्रित भोजपुरी गायक कलाकारों ने छठी मैया के भजनों की प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने भोजपुरी, मैथिली, वज्जिका और मगही भाषाओं में भजन गाकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर किया।
छठ पूजा में मन्नत पूरी होने पर कोसिया भरने की भी परंपरा है। इसके तहत भोर में गन्ने, ठेकुआ और अन्य प्रसाद सामग्री को एक साथ बांधकर विशेष पूजा की जाती है। सूर्य देव की लालिमा दिखाई देने से पहले कोसिया विसर्जन किया जाता है। इसमें मिट्टी के हाथी पर दो कलश रखे जाते हैं और उनके साथ बड़ा दीपक जलाया जाता है। इसे ही कोसिया कहा जाता है।
सोमवार सुबह व्रती महिलाएं और पुरुष उदीयमान सूर्य देव को दूसरा अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा होगा और छठ महापर्व का समापन होगा। बिहार समाज संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि छठ पूजा अब केवल बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रही, बल्कि मॉरीशस, नेपाल, अमेरिका, अबू धाबी, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, दुबई और इंग्लैंड सहित कई देशों में भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

